धनबाद में कोयला सिंडिकेट की खूनी जंग! AJSU-राम रहीम समर्थकों में भिड़ंत, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला बांसजोड़ा

धनबाद के लोयाबाद थाना क्षेत्र स्थित बांसजोड़ा में अवैध कोयला कारोबार को लेकर AJSU और राम रहीम सेना समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। कई राउंड फायरिंग, मारपीट और तोड़फोड़ में कई लोग घायल हुए। SNMMCH अस्पताल में पुलिस और समर्थकों के बीच हाथापाई के बाद घायल AJSU नेता हीरालाल महतो फरार हो गया।

धनबाद में कोयला सिंडिकेट की खूनी जंग! AJSU-राम रहीम समर्थकों में भिड़ंत, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला बांसजोड़ा
AJSU नेता हीरालाल महतो पुलिस कस्टडी से फरार ।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद जिले के का लोयाबाद थाना क्षेत्र बुधवार को उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब बांसजोड़ा इलाके में अवैध कोयला कारोबार को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। AJSU समर्थकों और कथित रूप से राम रहीम सेना से जुड़े लोगों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इलाके में जमकर मारपीट, तोड़फोड़ और कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल कायम है।

यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस महकमे में ‘ट्रांसफर लिस्ट में बदलाव: छह डीएसपी का पोस्टिंग आदेश रद्द

अवैध कोयला कारोबार की शिकायत के बाद भड़का विवाद

जानकारी के अनुसार, बांसजोड़ा और आसपास के इलाकों में लंबे समय से चल रहे अवैध कोयला कारोबार और कोयला चोरी के खिलाफ AJSU नेत्री रजनी देवी ने हाल ही में लोयाबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि शिकायत के बाद कोयला सिंडिकेट से जुड़े लोग AJSU कार्यकर्ताओं से नाराज चल रहे थे।

बुधवार को इसी मुद्दे पर AJSU कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी। इसी दौरान हथियारों से लैस दर्जनों लोगों ने अचानक हमला बोल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और फिर लाठी-डंडे चलने लगे। कुछ ही देर में इलाके में गोलियां चलने लगीं और भगदड़ मच गई।

कई राउंड फायरिंग, बुजुर्ग को लगी गोली

हमले के दौरान कई राउंड फायरिंग की गई। गोली लगने से 60 वर्षीय स्थानीय निवासी किसन रवानी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि उनके पैर में गोली लगी है। वहीं किशन रजवार समेत कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावरों ने इलाके में खड़ी 6 से अधिक गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

गाड़ी से मिला लोडेड पिस्टल

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों की जांच की। इस दौरान एक कार से लोडेड अवैध पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार किसका था और किस मकसद से लाया गया था। कुछ स्थानीय लोग इस पूरे मामले को कोयला कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई बता रहे हैं, जबकि AJSU समर्थक इसे सुनियोजित हमला करार दे रहे हैं।

SNMMCH अस्पताल में हाई-वोल्टेज ड्रामा

लोयाबाद हिंसा के बाद असली बवाल धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SNMMCH) में देखने को मिला। घायल AJSU छात्र नेता हीरालाल महतो समेत अन्य कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। अस्पताल परिसर में भारी संख्या में AJSU समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान पुलिस ने घायल हीरालाल महतो को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने की कोशिश की। पुलिस जैसे ही उन्हें PCR वैन में बैठाने लगी, समर्थक उग्र हो गए। देखते ही देखते पुलिस और समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू हो गई।

पुलिस से भिड़े समर्थक, घायल नेता फरार

अस्पताल परिसर में “पुलिस मुर्दाबाद” और “प्रशासन होश में आओ” के नारे लगने लगे। अफरा-तफरी के बीच घायल हीरालाल महतो एक समर्थक की बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गया। उसे रोकने की कोशिश में सरायढेला थाना के एक सब-इंस्पेक्टर जमीन पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर पुलिस कस्टडी से एक घायल नेता कैसे फरार हो गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद लोयाबाद और सरायढेला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अस्पताल परिसर और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस के साथ मारपीट करने और फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीण एसपी ने कहा है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इलाके में तनाव, लोगों में दहशत

दिनदहाड़े हुई फायरिंग और हिंसक झड़प के बाद बांसजोड़ा और आसपास के इलाकों में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं कोयलांचल में एक बार फिर अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े सिंडिकेट का मुद्दा सुर्खियों में आ गया है।