धनबाद में ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमले का आरोप, टोटो संघ ने दर्ज कराई शिकायत; आंदोलन की चेतावनी

धनबाद रेलवे स्टेशन के पुराना बाजार फाटक स्थित ई-रिक्शा पार्किंग में चालक प्रदीप कुमार गुप्ता पर जानलेवा हमले, मारपीट, लूट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ ने बैंक मोड़ थाना में शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

धनबाद में ई-रिक्शा चालक पर जानलेवा हमले का आरोप, टोटो संघ ने दर्ज कराई शिकायत; आंदोलन की चेतावनी
रेलवे स्टेशन पार्किंग में गुंडागर्दी।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद रेलवे स्टेशन के पुराना बाजार रेलवे फाटक स्थित ई-रिक्शा पार्किंग में एक चालक के साथ कथित मारपीट, लूट और अपहरण के प्रयास की घटना को लेकर ई-रिक्शा चालकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में चालक बैंक मोड़ थाना पहुंचे तथा आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें: जनता की भाषा में संवाद, दिलों में बनाई जगह: धनबाद DC आदित्य रंजन की संवेदनशीलता ने जीता लोगों का भरोसा

संघ द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, 23 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे ई-रिक्शा चालक प्रदीप कुमार गुप्ता पुराना बाजार रेलवे फाटक स्थित पार्किंग परिसर में मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा पार्किंग क्षेत्र में कचरा फेंका जा रहा था। चालक द्वारा इसका विरोध किए जाने पर कथित रूप से विवाद शुरू हुआ।

संघ का आरोप है कि कुछ देर बाद पुराना बाजार निवासी रत्नेश सिंह अपने 10 से 12 सहयोगियों के साथ लाठी और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंचे और प्रदीप कुमार गुप्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने चालक की बेरहमी से पिटाई की, उसकी शर्ट फाड़ दी और जेब में रखे लगभग 1200 रुपये छीन लिए। इतना ही नहीं, चालक को जबरन अपने साथ ले जाने का भी प्रयास किया गया।

बचाने पहुंचे चालकों के साथ भी मारपीट

झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ का कहना है कि जब अन्य चालक अपने साथी को बचाने के लिए आगे आए तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। हमले में प्रदीप कुमार गुप्ता के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल चालक को इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) भेजा, जहां उनका उपचार किया गया।

बैंक मोड़ थाना पहुंचा टोटो संघ

घटना के बाद झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा घायल चालक को लेकर बैंक मोड़ थाना पहुंचे। उन्होंने रत्नेश सिंह तथा घटना में शामिल अन्य ज्ञात एवं अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने तथा सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।

सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

संघ के संरक्षक बैभव सिन्हा ने कहा कि रेलवे स्टेशन क्षेत्र में प्रतिदिन सैकड़ों ई-रिक्शा चालक अपनी आजीविका चलाने के लिए काम करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो झारखंड ई-रिक्शा टोटो संघ शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा।उन्होंने कहा कि चालक समुदाय में भय और असुरक्षा का माहौल है, जिसे दूर करने के लिए प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए।

बड़ी संख्या में चालक रहे मौजूद

बैंक मोड़ थाना में शिकायत दर्ज कराने के दौरान संघ के अध्यक्ष अनिल यादव सहित राजू वर्मा, राजेश सिंह, मासूम खान, धर्मेंद्र कुमार, मदन कुमार, संजय कुमार, सुनील कुमार, नीतीश कुमार और दर्जनों ई-रिक्शा चालक मौजूद थे।संघ ने उम्मीद जताई है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।