झरिया में सेवा की मिसाल: मारवाड़ी युवा मंच ने विद्यार्थियों को समर्पित किया “अमृतधारा” शीतल पेय जल संयंत्र
मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में “अमृतधारा” शीतल पेय जल संयंत्र का लोकार्पण किया गया। यह संयंत्र स्वर्गीय कैलाश कुमार संवातिया की स्मृति में विद्यालय को समर्पित किया गया।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): सामाजिक सेवा और जनकल्याण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा बुधवार को लक्ष्मी देवी सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में “अमृतधारा” शीतल पेय जल संयंत्र का लोकार्पण किया गया। श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, विद्यालय परिवार और मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: उर्दू गजल का चमकता सितारा बुझा: 91 की उम्र में नहीं रहे डॉ. बशीर बद्र, अल्फाजों का जादू छोड़ गए पीछे
यह शीतल पेय जल संयंत्र स्वर्गीय श्री कैलाश कुमार संवातिया की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती मंजू देवी अग्रवाल एवं उनके सुपुत्र श्री राजीव संवातिया और श्री रवि संवातिया द्वारा विद्यालय को समर्पित किया गया। इस पहल को समाज के प्रति सेवा और नई पीढ़ी के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक माना जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद “अमृतधारा” शीतल पेय जल संयंत्र का उद्घाटन शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री राजीव संवातिया, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती किरण संवातिया तथा उनके अनुज श्री रवि संवातिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में शीतल पेय जल संयंत्र की स्थापना विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। इससे विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य और सुविधा दोनों को लाभ मिलेगा।
समारोह में मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, नव-निर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा, संयुक्त सचिव सनी अग्रवाल, नेहा मित्तल, मयंक केजरीवाल एवं हर्ष अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय अध्यक्ष श्री जय प्रकाश देवड़ालिया, विद्यालय के संयुक्त सचिव एवं शाखा के पूर्व अध्यक्ष श्री विनोद शर्मा, पूर्व अध्यक्ष श्री बृज मोहन अग्रवाल, विद्यालय के प्राचार्य श्री गौतम बनर्जी, यशोमती श्री विद्या निकेतन की प्राचार्या श्रीमती गीताली सिन्हा समेत विद्यालय परिवार के सभी शिक्षकगण और गणमान्य लोग समारोह में शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में मंच के सदस्यों ने कहा कि समाजहित में ऐसे सेवा कार्य भविष्य में भी जारी रहेंगे और शिक्षा संस्थानों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार प्रयास करता रहेगा।






