आंध्र प्रदेश: विशाखापट्टनम में नेवी टेक्नीशियन ने प्रेमिका के किए टुकड़े, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में एक नेवी कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए। आरोपी ने खुद पुलिस के सामने सरेंडर कर सनसनीखेज खुलासा किया।

आंध्र प्रदेश: विशाखापट्टनम में नेवी टेक्नीशियन ने प्रेमिका के किए टुकड़े, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
मोनिका व चिंतादा रविंद्र (फाइल फोटो)।

विशाखापट्टनम (Threesocieties.com Desk): आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शादीशुदा नेवी कर्मचारी ने अपनी प्रेमिका की न सिर्फ हत्या की, बल्कि उसके शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर छिपा दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद पुलिस थाने पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल कर लिया।

यह भी पढ़ें: देशभर में अदालतों और संस्थानों को बम से उड़ाने की देकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार,पुलिस ने कर्नाटक में दबोचा

शव के किए तीन हिस्से, अलग-अलग जगह छिपाए

मृतका की पहचान 31 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है, जबकि आरोपी 35 वर्षीय चिंतादा रविंद्र बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव के कई टुकड़े कर दिए।उसने धड़ को घर के फ्रिज में छिपा दिया, जबकि पैरों और कूल्हे के हिस्से को ट्रॉली बैग में रखकर बेड के नीचे छिपा दिया। वहीं सिर और हाथों को सुनसान इलाके में ले जाकर जलाने की कोशिश की। पुलिस को मौके से शव के कई टुकड़े मिले, लेकिन सिर अब भी गायब है, जिसकी तलाश जारी है।

पत्नी के मायके जाने का उठाया फायदा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी INS Dega में टेक्निशियन के पद पर तैनात है। उसकी पत्नी कुछ हफ्ते पहले मायके चली गई थी। इसी दौरान उसने अपनी प्रेमिका को घर बुलाया। दोनों की मुलाकात 2021 में ‘मिंगल’ नामक डेटिंग ऐप पर हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच संबंध गहरा हो गया। हालांकि 2024 में आरोपी ने दूसरी लड़की से शादी कर ली, जिससे रिश्तों में तनाव बढ़ गया।

ब्लैकमेल और पैसों के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़

आरोपी के अनुसार, मोनिका उसे उसकी पत्नी को सब कुछ बताने की धमकी देती थी। साथ ही उसने करीब 3.5 लाख रुपये भी लिए थे। इन बातों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

पहले से रची थी साजिश, ऑनलाइन मंगवाया चाकू

जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या पूर्व नियोजित थी। आरोपी ने पहले ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से चाकू मंगवाया था। हत्या के बाद उसी चाकू से शव के टुकड़े किए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार शरीर के हिस्सों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है। साथ ही आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे और भी चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना है।

खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर, पुलिस भी हैरान

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी वारदात के बाद खुद पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना अपराध कबूल कर लिया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।