Advertisement

धनबाद। भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा है कि झारखंड में जिस तरह इंडिया गठबंधन ने बीजेपी को उखाड़ फेंका है, ठीक उसी तरह इस बार बिहार में भी बीजेपी की हार होगी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) (भाकपा माले)के महासचिव शनिवार को धनबाद  सर्किट हाउस पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। 
यह भी पढ़ें:Jharkhand : 98 मामलों में था वांटेड था उग्रवादी पप्पू लोहरा, डिप्टी कमांडेंट की मर्डर में भी था आरोपित
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार बिहार आ रहे हैं।. 30 मई को भी आने वाले हैं। लेकिन इंडिया गठबंधन ने भी एनडीए गठबंधन का मुकाबला करने की बड़ी तैयारी की है। इंडिया गठबंधन झारखंड की तरह ही बिहार में भी निर्णायक रहेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में 243 सीटों पर चुनाव की तैयारी चल रही है। इंडिया गठबंधन का पूरा फोकस विधानसभा चुनाव पर है।
पहलगाम में हमला करने वाले आतंकियों पर एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं 
दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि पहलगाम हमले को एक माह बीत गया, लेकिन अभी तक घटना को अंजाम देने वाले आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं, लेकिन पहलगाम जहां दो हजार से अधिक सैलानी मौजूद थे, वहां सुरक्षा के लिए एक भी जवान तैनात नहीं था, क्यों? इस सवाल का जवाब सरकार को देना चाहिए। आतंकवादी पहुंचे और लोगों की हत्या कर चले गये। यह सुरक्षा में सबसे बड़ी चूक है। सरकार इस चूक से मुंह फेरे हुए है।
‘ऑपरेशन सिंदूर को पीएम मोदी ने बनाया राजनीतिक मुद्दा’
भाकपा माले के नेता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला था. लेकिन, चुनावी लाभ के लिए इसका इस्तेमाल किया जा रहा है। ट्रेन टिकटों पर प्रधानमंत्री की तस्वीरें और मिशन का उल्लेख इसका स्पष्ट प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति करने की कोशिश करते हुए उनकी रगों में सिंदूर बहने की बात कही है। यह वही व्यक्ति हैं, जिन्होंने कुछ साल पहले कहा था कि उनकी रगों में कारोबार बहता है, देशभक्ति बहती है और अब सिंदूर बह रहा है।
संसद का विशेष सत्र बुलाने से बच रही है सरकार 
उन्होंने कहा कि सरकार पाकिस्तान के साथ हाल के सैन्य संघर्ष पर (संसद का) विशेष सत्र बुलाने से बच रही है। जिसकी मांग इंडिया गठबंधन कर रहा है। सरकार यह स्वीकार करने से कतरा रही है कि गतिरोध के कारण देश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान किसी भी देश ने भारत का साथ नहीं दिया। यह विदेश नीति की सबसे बड़ी विफलता है।
अमेरिका की कठपुतली बन गये हैं नरेंद्र मोदी 
दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि विदेश में डंका बजाने का दावा करने वाले नरेंद्र मोदी की इस मोर्चा में विफल रहे हैं। वह अमेरिका की कठपुतली बन गये हैं। नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए चुनावी रैली करते हैं, बदले में ट्रंप इंडिया के सामानों पर टैरिफ बढ़ा रहा है। इससे भारत का सामान अमेरिका में कम बिकेगा। इधर, भारत टैरिफ घटा रहा है, जिससे अमेरिका का सामान देश में ज्यादा बिकेगा।
नौ जुलाई को होने वाले आंदोलन का इंडिया गठबंधन करे समर्थन 
मामले महासचिव ने कहा कि मजदूर संगठनों ने 20 मई को देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की थी। हालांकि,इसे बढ़ाकर अब नौ जुलाई कर दिया गया है। चार श्रम संहिताओं के विरोध में श्रमिक संघों द्वारा राष्ट्रव्यापी हड़ताल होनी है। भाकपा माले मजदूरों के साथ है। उन्होंने इंडिया गठबंधन से हड़ताल में बढ़-चढ़कर समर्थन करने की अपील की।
प्रेस कांफ्रेस में भाकपा माले के पोलित ब्यूरो सदस्य आनंद महतो,हलधर महतो,राज्य सचिव मनोज भक्त,केंद्रीय सदस्य सह निरसा एमएलए अरूप चटर्जी,सिंदरी एमएलए चंद्रदेव महतो,बगोदर के एक्स एमएलए विनोद कुमार सिंह,जिला सचिव बिंदा पासवान,जिला सहसचिव कार्तिक प्रसाद,सुभाष चटर्जी,सम्राट चौधरी आदि उपस्थित थे।

ADVERTISEMENT