पटना। जाप सुप्रीमो व एक्स एमपी पप्पू यादव पर लगातार कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। अब पप्पू यादव को मधेपुरा के किडनैपिंग के पुराने मामले में गिरफ्तार करने की तैयारी है। पप्पू यादव को किडनैपिंग के पुराने मामले में मधेपुरा पुलिस गिरफ्तार करेगी।
मधेपुरा में 89 में हुए किडनैपिंग के मामले में उनकी अरेस्टिंग के लिए मधेपुरा पुलिस पटना पहुंच गई है। मधेपुरा में पप्पू यादव पर वारंट निकला था। मधेपुरा पुलिस ने पटना पुलिस से गिरफ्तारी में मदद मांगी थी। मधेपुरा से डीएसपी के नेतृत्व में एक टीम पप्पू यादव को ले जाने पटना पहुंची गई है। कागजी कार्यवाही की जा रही है। पीएमसीएच के कोविड वार्ड में जाने के बाद पटना में मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने पप्पू यादव को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उन पर बगैर अनुमति के घूमने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था।
सियासी उबाल, नीतीश पर निशाना
पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर बिहार में सियासी उबाल देखने को मिल रहा है। कोई इनकी गिरफ्तारी का विरोध कर रहा है तो कोई इनके समर्थन में सड़क पर उतर आया है। इस बीच अपनी गिरफ्तारी पर पप्पू यादव ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर बड़ा आरोप लगाया है। पप्पू यादव ने ट्वीट कर कहा है कि नीतीश सरकार उन्हें कोरोना पॉजिटिव कर मरवाना चाहती है। गिरफ्तारी के बाद जाप प्रमुख पप्पू यादव ने ट्वीट कर कहा, 'नीतीश जी प्रणाम, धैर्य की परीक्षा न लें। अन्यथा जनता अपने हाथों में व्यवस्था लेगी तो आपका प्रशासन सारा लॉकडाउन प्रोटोकॉल भूल जाएगा। मेरा एक माह पहले ऑपेरशन हुआ है। तब भी अपना जीवन दांव पर लगा जिंदगियां बचा रहे हैं। अभी मेरा टेस्ट हुआ, कोरोना निगेटिव आया। आप पॉजिटिव कर मारना चाहते हैं।उन्होंने एक और ट्वीट कर कहा, 'सरकारों को कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने की तैयारी करनी चाहिए तो पप्पू यादव से लड़ रहे हैं। हमारे साथ सेवा में, मदद में, जिंदगी बचाने में प्रतिस्पर्धा करो न! फंसाने और जेल भेजने की साजिश में समय जाया क्यों कर रहे हो? पूरे बिहार में मामला खोज रहे हैं, कैसे फंसाकर अपनी नाकामी छुपाएं'।
रंजीत रंजन का सीएम नीतीश कुमार पर हमला
सुपौल की एक्स एमपी रंजीत रंजन ने ट्वीट किया कि मुख्यमंत्री नीतीश जी लॉकडाउन के उल्लंघन में गिरफ्तारी का कोई प्रावधान नहीं है। पप्पू यादव को तत्काल रिलीज करें। हम सब मिलकर इस वैश्विक महामारी से लड़ें, मानवता को बचाएं!
आमजन की सेवा को प्रेरित करे सरकारः सहनी
नीतीश सरकार में मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि जनता की सेवा ही धर्म होना चाहिए। सरकार को जन प्रतिनिधि, सामाजिक संस्था एवं कार्यकर्ता को आमजन की मदद के लिए प्रेरित करना चाहिए। जन प्रतिनिधि को भी कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए कार्य करना चाहिए। ऐसे समय में सेवा में लगे पप्पू यादव को गिरफ्तार करना असंवेदनशील है।
अमनौर में एंबुलेंस मामले में पप्पू यादव पर एफआईआर
सारण एमपी राजीव प्रताप रूडी के संसदीय मद से खरीदे गई एंबुलेंस को छिपा कर रखने के खुलासे के के बाद अमनौर पुलिस स्टेशन में पप्पू यादव व उनके गार्ड पर एफआईआर की गयी है। सारण प्रशासन ने उनके खिलाफ मारपीट करने और लॉकडाडन का उल्लंघन करने के मामले में दो एफआईआर दर्ज की है। अमनौर के जयप्रभा सामुदायिक केन्द्र के केयर टेकर और गार्ड ने पप्पू यादव और उनके बॉडीगार्ड पर मारपीट कर कंधे पर लाठी से वार करने, तोड़फोड़ और हंगामा करने का आरोप लगाया है।
और भी पढ़ें
- 26 साल बाद जेल से बाहर आएगा गुरुदास चटर्जी हत्याकांड का शूटर उमेश सिंह
- मनीष कश्यप को सरप्राइज देने मुंबई पहुंचीं अनुष्का शर्मा, कहा- Love Life का चेहरा देखना था
- फेसबुक लाइव के दो घंटे बाद आदिवासी नेत्री निशा भगत की मौत, पुलिस पर लगाए थे आरोप
- IIT (ISM) धनबाद को बड़ी सफलता, बैटरी की गर्मी नियंत्रित करने वाली तकनीक पेटेंट