टी20 वर्ल्ड कप के हीरो ईशान किशन पर बिहार सरकार मेहरबान, CM सम्राट चौधरी ने दिया 1 करोड़ का इनाम
Ishan Kishan Met Samrat Choudhary: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद बिहार सरकार ने स्टार क्रिकेटर ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में चेक सौंपते हुए कहा कि ईशान ने पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है।
पटना (Threesocieties.com Desk) : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज और बिहार के गौरव ईशान किशन ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से पूरे देश का दिल जीत लिया है। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले ईशान किशन को बिहार सरकार ने बड़े सम्मान से नवाजा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को राजधानी पटना में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान ईशान किशन को 1 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का चेक सौंपकर सम्मानित किया।
यह भी पढ़ें: RG Kar Case: पश्चिम बंगाल में बड़ा एक्शन, पूर्व CP विनीत गोयल समेत 3 IPS अधिकारी सस्पेंड
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य, शानदार बल्लेबाज, बिहार के लाल, श्री @ishankishan51 जी को विश्व कप जिताने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राज्य सरकार द्वारा 1 करोड़ रुपए की राशि देकर सम्मानित किया।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) May 15, 2026
सफल क्रिकेट करियर के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ,… pic.twitter.com/4AApkthmUG
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ईशान किशन ने अपने दमदार खेल से न केवल भारत, बल्कि बिहार का भी नाम दुनिया भर में रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ईशान आगे भी अपने बल्ले से ऐसे ही धमाल मचाते रहेंगे और देश को नई-नई उपलब्धियां दिलाएंगे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ईशान किशन के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, वरिष्ठ अधिकारी दीपक कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी ईशान किशन के सम्मान समारोह की तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि बिहार के लाल ईशान किशन ने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को अपने इस युवा सितारे पर गर्व है।
ईशान किशन की यह उपलब्धि बिहार के युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई है। राज्य में क्रिकेट और अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इससे पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भी उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बिहार सरकार सम्मानित कर चुकी है। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैभव को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया था।
इन दिनों बिहार के युवा क्रिकेटरों का प्रदर्शन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार चर्चा में है। ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों की सफलता यह साबित कर रही है कि बिहार की प्रतिभाएं अब देश-दुनिया में अपना परचम लहरा रही हैं।






