बिहार: भागलपुर में बिल्डर मर्डर केस का खुलासा: प्रेमिका बनी कातिल, अमानवीय संबंधों से थी नाराज

भागलपुर में बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक प्रेमिका सीमा कुमारी ने पत्नी का दर्जा नहीं मिलने और कथित अमानवीय संबंधों से नाराज होकर धारदार हथियार से हत्या की थी।

बिहार: भागलपुर में बिल्डर मर्डर केस का खुलासा: प्रेमिका बनी कातिल, अमानवीय संबंधों से थी नाराज
10 साल के प्यार का खौफनाक अंत।

        HighLights:

  • बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 12 घंटे में किया खुलासा
  • प्रेमिका सीमा कुमारी ने धारदार हथियार से गला रेतकर की हत्या
  • पत्नी का दर्जा नहीं मिलने और कथित अमानवीय संबंधों से नाराज थी आरोपी
  • हत्या के बाद नकदी, मोबाइल और जमीन के दस्तावेज लेकर हुई थी फरार
  • पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया

भागलपुर (Threesocieties.com Desk): बिहार के भागलपुर में चर्चित बिल्डर बजरंग कुमार हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस वीभत्स हत्या को किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि बिल्डर की प्रेमिका सीमा कुमारी ने अंजाम दिया था। आरोपी महिला को पुलिस ने पीरपैंती इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें: BCCL में बड़ा प्रशासनिक सर्जिकल स्ट्राइक! सभी 12 एरिया के सेल्स मैनेजर एक साथ बदले

पुलिस के अनुसार, सीमा और बजरंग के बीच करीब 10 वर्षों से प्रेम संबंध थे। सीमा लगातार बजरंग पर पत्नी का दर्जा देने का दबाव बना रही थी, लेकिन उसे यह अधिकार नहीं मिल रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

12 घंटे में खुला हत्याकांड का राज

तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित बिल्डर के कार्यालय में उसकी लाश मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी तक पहुंच बना ली।

पीरपैंती से गिरफ्तार हुई आरोपी प्रेमिका

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमा कुमारी को पीरपैंती से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (दबिया), खून से सने कपड़े, एक बैग, नकदी, मोबाइल फोन और जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पत्नी का दर्जा नहीं मिलने से थी नाराज

पूछताछ के दौरान सीमा ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह वर्षों से बजरंग के साथ संबंध में थी और उससे विवाह कर सामाजिक पहचान चाहती थी। लेकिन उसकी मांग पूरी नहीं हो रही थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान और नाराज चल रही थी।

कथित अमानवीय व्यवहार के बाद हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बजरंग सीमा को अपने कार्यालय लेकर गया था। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोपी महिला का आरोप है कि उसके साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसके बाद गुस्से और आक्रोश में उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गला रेतकर की हत्या, विरोध करने पर काट दीं उंगलियां

पुलिस जांच के अनुसार, हमले के दौरान बजरंग ने बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने लगातार वार किए। इस दौरान उसकी उंगलियों और कलाई पर भी गंभीर चोटें आईं। हत्या के बाद आरोपी ने शव को तौलिये से ढक दिया और मौके से फरार हो गई।

सीसीटीवी से बचने के लिए अपनाई चालाकी

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने कार्यालय से निकलते समय हेलमेट पहन लिया था ताकि सीसीटीवी कैमरों में उसकी पहचान न हो सके। इसके बाद उसने बाहर से कार्यालय में ताला लगा दिया और वहां से नकदी, मोबाइल फोन, चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड तथा जमीन से संबंधित फाइलें लेकर निकल गई।

पुलिस टीम को मिलेगा पुरस्कार

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि मामले का खुलासा करने में शामिल पुलिस टीम ने बेहद कम समय में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने सिटी एसपी, डीएसपी और तिलकामांझी थाना पुलिस की टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे कोई अन्य कारण या साजिश तो नहीं थी।