पटना के होटल में शर्मनाक हरकत: पिता के सामने छात्रा को खींच ले जाने की कोशिश, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित होटल हिडेन विला में पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई छात्रा से छेड़खानी और जबरन ले जाने के प्रयास का मामला सामने आया है। पिता की शिकायत पर पुलिस ने होटल मालिक के ड्राइवर सतेंद्र कुमार को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पटना के होटल में शर्मनाक हरकत: पिता के सामने छात्रा को खींच ले जाने की कोशिश, आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
होटल के कमरे में घुसा मनचला, पिता ने बचाई इज्जत>

पटना (Threesocieties.com Desk): बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित लॉ कॉलेज के पास एक होटल में पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई छात्रा के साथ देर रात छेड़खानी और जबरन कमरे से ले जाने की कोशिश की गई। घटना उस वक्त हुई जब छात्रा अपने पिता के साथ होटल के कमरे में ठहरी हुई थी।

यह भी पढ़ें: बिहार: मोकामा में ‘सोनू-मोनू’ का आतंक! घर में रेड करने आये पुलिसवालों की ‘गुर्गों’ ने ली तलाशी! दो थानेदार सस्पेंड

पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी होटल मालिक का ड्राइवर है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्राइवर के साथ तीन अन्य लोगों को पकड़ा है। मामला दर्ज कर चारों को जेल भेज दिया गया है। फिलहाल होटल को सील कर दिया गया है।

बेगूसराय से परीक्षा देने आई थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, बेगूसराय की रहने वाली छात्रा अपने पिता के साथ पटना पॉलिटेक्निक परीक्षा देने आई थी। दोनों रूपसपुर थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज के समीप स्थित होटल हिडेन विला के रूम नंबर 103 में रुके हुए थे। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शुक्रवार देर रात एक युवक अचानक कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर घुस आया। इसके बाद उसने उनकी बेटी का हाथ पकड़कर जबरन खींचना शुरू कर दिया।

पिता की नींद खुली तो बची बड़ी घटना

छात्रा के पिता ने बताया कि शोर और हलचल से उनकी नींद खुल गई। जब उन्होंने युवक से पूछा कि वह कौन है और कमरे में क्यों आया है, तब भी आरोपी पीछे हटने को तैयार नहीं था। उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार अभद्र व्यवहार कर रहा था। स्थिति बिगड़ती देख उन्होंने अपने रिश्तेदार को फोन किया और साथ ही पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची।

होटल मालिक का ड्राइवर निकला आरोपी

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी युवक होटल मालिक का ड्राइवर है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शाहपुर निवासी सतेंद्र कुमार को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने छात्रा के कमरे तक कैसे पहुंच बनाई और होटल प्रबंधन की इसमें क्या भूमिका रही।

होटल में संदिग्ध गतिविधियों का भी आरोप

पीड़िता के पिता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब पुलिस ने होटल के अन्य कमरे खुलवाए तो वहां कई युवक-युवतियां मौजूद थे। कुछ कमरों में शराब पार्टी होने की भी बात सामने आई। बताया गया कि पुलिस को देखते ही कई युवक मौके से फरार हो गए, जबकि कुछ लोगों से पूछताछ की गई। हालांकि पुलिस ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने शुरू की जांच

रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार सिंह ने बताया कि होटल हिडेन विला में छात्रा से छेड़खानी की शिकायत मिली थी। पिता के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी सतेंद्र कुमार को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस होटल प्रबंधन की भूमिका और वहां चल रही गतिविधियों की भी जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

राजधानी पटना में परीक्षा देने आई छात्रा के साथ होटल में हुई इस घटना ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर तब, जब छात्रा अपने पिता के साथ कमरे में मौजूद थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने होटल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।