बिहार: ‘जेल का ताला टूटेगा, रौशन सर छूटेगा’... पटना की सड़कों पर छात्रों का उबाल, खान सर के खिलाफ लगे नारे
पटना में खान सर कोचिंग फायरिंग विवाद अब छात्र आंदोलन में बदलता दिख रहा है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने गार्ड्स से पूछताछ की, हथियार जब्त किए, जबकि रौशन सर की रिहाई को लेकर हजारों छात्र सड़क पर उतर आए।
- HighLights
- खान सर कोचिंग फायरिंग विवाद में नया मोड़, वायरल वीडियो के बाद पुलिस एक्शन
- दोनों गार्ड्स से घंटों पूछताछ, हथियार जब्त कर तकनीकी जांच शुरू
- रौशन सर की रिहाई के समर्थन में हजारों छात्र पहुंचे कारगिल चौक
- छात्रों ने लगाए ‘खान सर हाय-हाय’ और ‘जेल का ताला टूटेगा’ जैसे नारे
- ज्ञान बिंदु कोचिंग ने जारी किया कथित फायरिंग वीडियो, खान सर की गिरफ्तारी की मांग
पटना (Threesocieties.com Desk): खान सर के कोचिंग सेंटर पर हुए कथित फायरिंग विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक और छात्र आंदोलन का रूप लेना शुरू कर दिया है। एक ओर पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज कर चुकी है, वहीं दूसरी ओर ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के समर्थन में हजारों छात्र पटना की सड़कों पर उतर आए हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार: पटना में 'गोलीकांड' से घिरे खान सर! बॉडीगार्ड्स ने कबूली फायरिंग, अब फैजल खान से पूछताछ

गुरुवार को बड़ी संख्या में छात्र पटना के कारगिल चौक पहुंचे, जहां ‘जेल का ताला टूटेगा, रौशन सर छूटेगा’, ‘खान सर हाय-हाय’ और ‘रौशन सर को रिहा करो’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। छात्रों का आरोप है कि रौशन आनंद को बिना पर्याप्त सबूत के गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
यह भी पढ़ें: बिहार: खान सर की कोचिंग पर हमला: पटना पुलिस का बड़ा एक्शन, ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार
वायरल वीडियो के बाद पुलिस का एक्शन तेज
खान सर कोचिंग विवाद में नया मोड़ तब आया जब ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से कथित फायरिंग का एक वीडियो जारी किया गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे दोनों गार्ड्स को कदमकुआं थाना बुलाकर करीब तीन घंटे तक पूछताछ की।
यह भी पढ़ें:पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमला! फायरिंग, गार्ड की पिटाई और ‘बम से उड़ाने’ की धमकी से मचा हड़कंप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के बाद दोनों गार्ड्स के हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं। अब हथियारों की तकनीकी जांच और सत्यापन कराया जाएगा ताकि पता लगाया जा सके कि फायरिंग हुई थी या नहीं।
वीडियो के आधार पर नई FIR दर्ज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वायरल वीडियो की प्रारंभिक जांच के बाद नई प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब वीडियो फुटेज, हथियारों और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद दोनों गार्ड्स को मेडिकल जांच के लिए भी भेजा गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रौशन सर के समर्थन में सड़कों पर छात्र
रौशन आनंद की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में छात्रों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। कारगिल चौक पर बड़ी संख्या में जुटे छात्रों ने रौशन आनंद को निर्दोष बताते हुए उनकी रिहाई की मांग की। छात्रों का कहना है कि यदि वायरल वीडियो में कथित फायरिंग करते हुए गार्ड दिखाई दे रहे हैं तो निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और सभी पक्षों पर समान कार्रवाई होनी चाहिए।
ज्ञान बिंदु कोचिंग ने उठाए सवाल
ज्ञान बिंदु कोचिंग टीम के सदस्य आदर्श कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड्स ने की थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि वायरल वीडियो में रौशन आनंद कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, फिर उन्हें किस आधार पर गिरफ्तार किया गया। साथ ही उन्होंने खान सर की गिरफ्तारी की मांग भी की।
2 जून की रात क्या हुआ था?
बताया जाता है कि 2 जून की रात करीब 10 बजे खान सर के कोचिंग सेंटर पर हंगामा हुआ था। आरोप है कि कुछ लोगों ने गार्ड के साथ मारपीट की, पत्थरबाजी की और पोस्टर-बैनर फाड़ दिए। घटना के बाद खान सर ने शुरुआत में 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था, हालांकि बाद में वे अपने बयान से पीछे हटते नजर आए। इसके बाद खान सर की ओर से ज्ञान बिंदु कोचिंग पर हमला कराने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं रौशन आनंद
इस मामले में पुलिस पहले ही ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।हालांकि रौशन आनंद ने गिरफ्तारी के बाद खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है और घटना से उनका कोई संबंध नहीं है। अब इस पूरे मामले ने कानून-व्यवस्था से आगे बढ़कर छात्र आंदोलन का रूप ले लिया है। ऐसे में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।






