धनबाद में ब्लास्टिंग से दहशत! घरों में पड़ रही दरारें, आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। लगातार ब्लास्टिंग और डस्टिंग से घरों में दरारें पड़ने का आरोप लगाते हुए लोगों ने धनसार थाना का घेराव किया। युवा समाजसेवी मुकेश भुईयां को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया।

धनबाद में ब्लास्टिंग से दहशत! घरों में पड़ रही दरारें, आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
धनसार थाना का घेराव हंगामा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल धनबाद में एक बार फिर आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। धनसार थाना क्षेत्र स्थित चांदमारी कोलियरी दुर्गा मंदिर के पीछे संचालित देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा की जा रही लगातार ब्लास्टिंग और डस्टिंग से इलाके के घरों में दरारें पड़ रही हैं, जिससे लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: ‘बूथ से जीत तक’ का मंत्र ,भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान, सिखाए गए संगठन विस्तार के गुर

रविवार को स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया। इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण धनसार थाना पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।

“घर हिल रहे, दीवारें टूट रही हैं”

स्थानीय लोगों का कहना है कि कोल माइनिंग प्रोजेक्ट में भारी मशीनों और लगातार विस्फोटक ब्लास्टिंग के कारण आसपास के मकानों पर असर पड़ रहा है। कई घरों की दीवारों और छतों में दरारें दिखाई देने लगी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि हर दिन होने वाली तेज धमाकों से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं दहशत में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार कंपनी प्रबंधन और प्रशासन को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

“रात में बाउंड्री तोड़कर हो रही खुदाई”

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आउटसोर्सिंग कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पहले कंपनी की ओर से बाउंड्री वॉल के बाहर खुदाई नहीं करने का भरोसा दिया गया था। लेकिन अब रात के समय बाउंड्री वॉल तोड़कर आगे तक खुदाई की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी नियमों को ताक पर रखकर काम कर रही है और स्थानीय लोगों की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं की जा रही। इलाके में उड़ रही धूल और लगातार कंपन के कारण लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।

मुकेश भुईयां को हिरासत में लेने पर भड़का आक्रोश

आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए थाना बुलाए जाने के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने इसे आंदोलन दबाने की कोशिश बताते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। थाना पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि स्थानीय जनता की समस्याओं को उठाने वालों को डराने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की सुरक्षा और मकानों को हो रहे नुकसान पर तत्काल रोक नहीं लगी तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट

धनसार थाना के बाहर हुए प्रदर्शन के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन की ओर से फिलहाल लोगों को शांत रहने की अपील की जा रही है। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि माइनिंग प्रोजेक्ट में हो रही ब्लास्टिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए, क्षतिग्रस्त घरों का सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए। कोयलांचल में आउटसोर्सिंग कंपनियों और स्थानीय लोगों के बीच बढ़ता यह टकराव अब प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।