धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक,मेयर से मुलाकात का फैसला, सहायक सचिव हटाए गये

धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की प्रबंध समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। क्रिकेट विकास को लेकर मेयर संजीव सिंह से मुलाकात का निर्णय लिया गया, जबकि सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार को पद से हटाया गया। 131 सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों को डीसीए ने बेबुनियाद बताया।

धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक,मेयर से मुलाकात का फैसला, सहायक सचिव हटाए गये
धनबाद क्रिकेट संघ में बड़े फैसले।

      HighLights:

  • जिले में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर मांगी जाएगी सलाह
  • सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार को पद से हटाने का निर्णय
  • संयुक्त सचिव बाल शंकर झा को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला
  • लंबे समय से प्रतिबंधित श्रीराम दुबे से हटाया गया प्रतिबंध
  • 131 सदस्यों द्वारा लगाए गए आरोपों को डीसीए ने बताया निराधार
  • हस्ताक्षरित सूची के सत्यापन की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष संजीव झा को सौंपी गई

धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) की प्रबंध समिति की शुक्रवार को हुई महत्वपूर्ण बैठक में क्रिकेट विकास, संगठनात्मक अनुशासन और हालिया विवादों को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक में तय किया गया कि डीसीए का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही धनबाद के मेयर संजीव सिंह से मुलाकात कर जिले में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा करेगा।

यह भी पढ़ें:बिहार: PMCH के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. नरेंद्र प्रताप की PC से भड़का स्वास्थ्य विभाग, अब हाईलेवल कमेटी करेगी जांच

डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि धनबाद में क्रिकेट प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक सुविधाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी उद्देश्य से मेयर से समय लेकर उनसे सुझाव और सहयोग मांगा जाएगा। इसके लिए जल्द ही औपचारिक पत्र भेजा जाएगा।

16 टूर्नामेंट के साथ सफल रहा सत्र 2025-26

रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित डीसीए कार्यालय में हुई बैठक में क्रिकेट सत्र 2025-26 की उपलब्धियों की समीक्षा भी की गई। डीसीए ने पूरे सत्र के सफल संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस दौरान कुल 16 टूर्नामेंट आयोजित किए गए और सभी प्रतियोगिताएं तय समय के भीतर संपन्न कराई गईं। हालांकि, बाद में शामिल किए गए तीन अतिरिक्त टूर्नामेंटों में से चैंपियंस लीग (सीनियर) प्रतियोगिता का आयोजन अभी शेष है। रांची में आयोजित झारखंड टी-20 लीग के कारण इसके आयोजन में विलंब हुआ है, लेकिन जल्द ही इसकी नई तिथि घोषित की जाएगी।

अध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार, झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) के विभिन्न टूर्नामेंटों के तहत अब तक कुल 343 मैच आयोजित किए जा चुके हैं। चैंपियंस लीग (सीनियर) के शेष सात मुकाबले पूरे होने के बाद यह संख्या 350 तक पहुंच जाएगी।

सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार हटाए गए

बैठक में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए सहायक सचिव धर्मेंद्र कुमार को उनके पद से हटाने का निर्णय लिया गया। महासचिव विनय कुमार सिंह द्वारा रखे गए प्रस्ताव को प्रबंध समिति ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इसके अलावा, जेएससीए के ईमेल के आधार पर डीसीए की अनुमति के बिना बिल भेजे जाने के मामले में संयुक्त सचिव बाल शंकर झा को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला लिया गया।

श्रीराम दुबे पर लगा प्रतिबंध समाप्त

लंबे समय से प्रतिबंध का सामना कर रहे श्रीराम दुबे को भी बैठक में राहत मिली। प्रबंध समिति ने उनके ऊपर लगाया गया प्रतिबंध समाप्त करने का निर्णय लिया।

131 सदस्यों के आरोपों को बताया बेबुनियाद

हाल के दिनों में डीसीए के 131 सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित एक पत्र के जरिए प्रबंध समिति पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई।डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि डीसीए के संविधान में अंतिम संशोधन वर्ष 2014 में किया गया था और सोसाइटीज एक्ट के तहत वर्ष 2017 में पंजीकरण के बाद संविधान में कोई बदलाव नहीं किया गया है।उन्होंने यह भी दावा किया कि शिकायत पत्र मिलने के अगले ही दिन शिकायतकर्ता अवधेश कुमार सिंह ने स्वयं बताया कि हस्ताक्षरित सूची में शामिल करीब दस नाम ऐसे थे जो डीसीए के सदस्य नहीं थे और गलती से उनका नाम सूची में जोड़ दिया गया था।

हस्ताक्षरों के सत्यापन का फैसला

विवाद को पूरी तरह स्पष्ट करने और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से प्रबंध समिति ने शिकायत पत्र में शामिल सभी हस्ताक्षरों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए डीसीए के उपाध्यक्ष संजीव झा को अधिकृत किया गया है।

बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में डॉ. इश्तियाक अहमद, साधवेंद्र सिंह, रविजीत सिंह डांग, मनोज कुमार सिंह, संजीव झा, जावेद खान, शांतनु चौधरी, ललित जगनानी, सुनील कुमार, राजन सिन्हा, संजीव राणा और द्वारिका तिवारी सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

(रिपोर्ट: Threesocieties.com Desk)