Advertisement
  • पुलिस स्टेशन लेवल पर बनाया गया है उपकरण बैंक 

धनबाद। एसएसपी संजीव ने धनबाद के लोगों से गरीब परिवार के बच्चों को ऑनलाइन पढ़ाई में इलेक्ट्रॉनिक गजट की मदद पहुंचाने के लिए आम लोगों से पुराने स्मार्टफोन, लैपटॉप और कंप्यूटर दान करने की अपील की है। एसएसपी ने कहा है कि डीजीपी नीरज सिन्हा के दिशा-निर्देश के आलोक में लोगों से यह अपील की जा रही है।

ADVERTISEMENT

उन्होंने बताया कि जिले के सभी पुलिस स्टेशन में उपकरण बैंक (स्मार्ट फोन औऱ लैपटॉप बैंक ) भी बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोग हर कोई दान स्वरूप पुराने लेपटॉप , स्मार्टफोन व कंप्यूटर अपने एरिया के पुलिस स्टेशन में जाकर उपकरण बैंक में उसे जमा करा सकते हैं। वैसे बच्चें जो तंगी के कारण लैपटॉप, कंप्यूटर स्मार्ट फोन नहीं होने के कारण ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं उनके लिए यह काफी मददगार साबित होगी।

उल्लेखनीय है कि डीजीपी के निर्देश पर पुलिस आर्थिक रूप से गरीब बच्चों की सुध ले रही है। उपकरण बैंक में इलेक्ट्रॉनिक गजट जमा करने के नियम व शर्ते भी बना दी गई है। जमा हर उपकरण के संबंध में थाना में स्टेशन डायरी दर्ज किया जायेंगे। इसकी एक प्रतिलिपि उपकरण जमा करनेवाले व्यक्ति को प्रमाण स्वरूप दी जायेगी ताकि उन्हें इस बात का विश्वास हो कि उपकरण का दुरुपयोग अगर किसी प्रकार से होता है, तो इसे जमा करनेवाले इसके लिए जिम्मेवार नहीं होंगे। सनहा में जमा कर्ता का नाम, पता, स्मार्टफोन का आइएमइआइ नंबर, लैपटॉप का यूनिक पहचान नंबर, जमा किये जाने की तिथि एवं समय रिकॉर्ड करने होंगे। जमा किये गये स्मार्टफोन व लैपटॉप का वितरण गरीब व मेधावी छात्रों के बीच उनके स्कूल के प्रिंसिपल की अनुशंसा पर होगी।