धनबाद में उत्पाद सिपाही परीक्षा पर सख्ती: 77 केंद्र, 3 शिफ्ट, फुल सिक्योरिटी अलर्ट
धनबाद में 12 अप्रैल 2026 को होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही परीक्षा के लिए प्रशासन ने 77 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। तीन शिफ्ट में परीक्षा, बायोमेट्रिक जांच और सिंगल गेट सिस्टम लागू रहेगा।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रविवार, 12 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर अधिकारियों ने सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद: अवैध कोयला कारोबारियों का दुस्साहस: बाघमारा में BCCL के दो जीएम पर जानलेवा हमला, अपहरण की कोशिश
न्यू टाउन हॉल में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा करते हुए परीक्षा व्यवस्था को लेकर अंतिम रणनीति तय की। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
77 केंद्रों पर तीन शिफ्ट में होगी परीक्षा
जिले के कुल 77 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को सुबह 7 बजे तक रिपोर्टिंग करना अनिवार्य होगा।
प्रथम शिफ्ट: 8:30 से 10:30 (सामान्य ज्ञान)
द्वितीय शिफ्ट: 11:30 से 1:30 (जनजातीय/क्षेत्रीय भाषा)
तृतीय शिफ्ट: 3:30 से 5:30 (भाषा ज्ञान)
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कई सख्त कदम उठाए हैं—
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे
प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा
सभी केंद्रों पर पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है
सिंगल गेट सिस्टम से होगी निगरानी
हर परीक्षा केंद्र पर सिंगल गेट एंट्री और एग्जिट सिस्टम लागू किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके।
मीडिया एंट्री पर पूरी तरह रोक
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए परीक्षा केंद्रों और स्ट्रांग रूम के आसपास मीडिया कर्मियों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
सात जोन में बांटा गया जिला, फ्लाइंग स्क्वायड तैनात
पूरे जिले को 7 जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी और फ्लाइंग स्क्वायड टीम तैनात की गई है, जो लगातार निरीक्षण कर परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखेगी। उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। जब तक कॉपियां सुरक्षित जमा नहीं हो जातीं, तब तक संबंधित दंडाधिकारी केंद्र पर मौजूद रहेंगे।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, नकल या नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभ्यर्थियों को सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।






