धनबाद पुलिस का मास्टरस्ट्रोक: दुबई भागने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट से दबोचा गया प्रिंस खान का ‘मेजर’

धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता—गैंगस्टर प्रिंस खान का करीबी सैफी उर्फ मेजर कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार। दुबई भागने की तैयारी थी, अब पूछताछ में खुल सकते हैं गैंग के बड़े राज।

धनबाद पुलिस का मास्टरस्ट्रोक: दुबई भागने से पहले कोलकाता एयरपोर्ट से दबोचा गया प्रिंस खान का ‘मेजर’
प्रिंस खान का राइट हैंड मेजर पकड़ाया।
  • अब खुलेगा गैंग का पूरा राज
  • धनबाद में गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ा वार
  • ‘मिस्टर इंडिया’ प्लान हुआ फेल

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल में दहशत का दूसरा नाम बन चुके गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ा वार किया है। उसके सबसे करीबी और राइट हैंड सैफी उर्फ मेजर को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गिरफ्तार कर लिया गया। वह दुबई फरार होने की फिराक में था, लेकिन धनबाद और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

यह भी पढ़ें: धनबाद: सूर्य हाइलैंड सिटी में पहली बार गूंजा परशुराम जन्मोत्सव, भक्ति-भाव में डूबा पूरा परिसर

 ‘मिस्टर इंडिया’ बनकर भागने की थी साजिश

सूत्रों के अनुसार, प्रिंस खान ने अपनी पहचान छिपाने के लिए ‘मिस्टर इंडिया’ नाम से फर्जी पहचान तैयार कर रखी थी। दुबई से फरारी के बाद वह लगातार ठिकाने बदल रहा था, जबकि उसका खास मेजर भारत में रहकर रंगदारी और धमकी का नेटवर्क संभाल रहा था।

यह भी पढ़ें:प्रिंस खान को आतंकी घोषित करने की तैयारी,रांची केमनीष हत्याकांड में हाईटेक जांच, इमेजिंग टेक्नोलॉजी से खुलेंगे राज

 एयरपोर्ट पर धर दबोचा गया मेजर

रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कोलकाता एयरपोर्ट पर जाल बिछाया और मेजर को पकड़ लिया। वह विदेश भागने की पूरी तैयारी में था। गिरफ्तारी के बाद धनबाद पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड के लिए अदालत में आवेदन दिया है और उसे जल्द धनबाद लाया जाएगा।

रंगदारी, गोलीबारी और हत्या की धमकी के आरोप

मेजर पर कई गंभीर आरोप हैं— व्यवसायियों से रंगदारी वसूली, रकम नहीं देने पर गोलीबारी, पेट्रोल पंप संचालक और उनके परिवार को हत्या की धमकी। राजगंज के एक पेट्रोल पंप मालिक को हाल ही में धमकी देने का मामला इस गिरफ्तारी की बड़ी वजह बना।

झारखंड में दर्जनों केस, बंगाल में भी केस दर्ज

मेजर और प्रिंस खान के खिलाफ झारखंड के धनबाद, रांची और बोकारो में दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि पश्चिम बंगाल में भी इनके खिलाफ केस दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से दोनों की तलाश कर रही थी।

अब खुलेगा गैंग का पूरा नेटवर्क

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि मेजर की गिरफ्तारी से प्रिंस खान तक पहुंचना आसान हो जाएगा। पूछताछ में— गैंग के फाइनेंस नेटवर्क, हथियार सप्लाई चेन व  इंटरनेशनल कनेक्शन जैसे कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पाकिस्तान कनेक्शन की जांच

जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान दुबई से भागकर पाकिस्तान के बहावलपुर में छिपा हो सकता है। पुलिस को उसके आतंकियों से संबंध के संकेत भी मिले हैं। अब उसकी गिरफ्तारी के लिए इंटरपोल की मदद लेने की तैयारी चल रही है।

बचपन का दोस्त, बना अपराध का साझेदार

मेजर वासेपुर का रहने वाला है और प्रिंस खान का बचपन का दोस्त रहा है। दोनों ने साथ-साथ अपराध की दुनिया में कदम रखा और मेजर ने हर मोड़ पर प्रिंस का साथ दिया। जहां प्रिंस वीडियो जारी कर दहशत फैलाता था, वहीं मेजर ऑडियो के जरिए धमकियां देता था।

पुलिस के लिए बड़ी सफलता

धनबाद पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी एक बड़ी उपलब्धि है और इससे जल्द ही प्रिंस खान की गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो सकता है।