मुहर्रम को लेकर धनबाद प्रशासन अलर्ट मोड में, 24x7 कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय; डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध

धनबाद प्रशासन ने मुहर्रम 2026 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। 25 जून से 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

मुहर्रम को लेकर धनबाद प्रशासन अलर्ट मोड में, 24x7 कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय; डीजे बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध
पुलिस लाइन में किया गया मॉक ड्रिल।

     HighLights 

  • 25 जून दोपहर 2 बजे से मुहर्रम समाप्ति तक 24x7 कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा।
  • कंट्रोल रूम नंबर 0326-2311807 और 112 जारी।
  •  जिले को 7 जोन में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई।
  • सभी थाना और ओपी में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती।
  • ताजिया जुलूस में डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर पूर्ण प्रतिबंध।
  • सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल रखेगी हर गतिविधि पर नजर।
  • जरूरत पड़ने पर ताजिया मार्गों पर हाइवा और भारी वाहनों के आवागमन पर रोक।
  • पुलिस का चलंत दस्ता और क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार रहेगी सक्रिय।
  • पुलिस कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार 25 जून से मुहर्रम पर्व की समाप्ति तक जिले में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।

यह भी पढ़ें: धनबाद सदर अस्पताल की ऐतिहासिक उड़ान: IPD में 542%, OPD में 199% और ऑर्थोपेडिक सर्जरी में 409% की रिकॉर्ड बढ़ोतरी

प्रशासन ने 25 जून दोपहर 2 बजे से 24 घंटे सक्रिय रहने वाले संयुक्त कंट्रोल रूम की स्थापना की है, जो मुहर्रम पर्व की समाप्ति तक लगातार कार्य करेगा। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 0326-2311807 तथा आपातकालीन सहायता के लिए 112 जारी किया गया है। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे कंट्रोल रूम के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे, जबकि डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव पुलिस पदाधिकारियों के वरीय प्रभारी होंगे।

जिले को 7 जोन में बांटकर की गई सुरक्षा व्यवस्था

मुहर्रम के दौरान बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धनबाद जिले को कतरास, धनबाद, चिरकुंडा, तोपचांची, झरिया, गोविंदपुर और टुंडी समेत सात जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में भी दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।प्रशासन के अनुसार सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस का चलंत दस्ता लगातार भ्रमणशील रहेगा। इसके अलावा क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी।

ताजिया जुलूस में डीजे और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर रोक

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले सभी ताजिया जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों, विशेष रूप से डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही ताजिया और झंडों की ऊंचाई भी उच्च न्यायालय, सर्वोच्च न्यायालय तथा निर्धारित एसओपी के अनुरूप ही रखनी होगी। ताजिया जुलूसों को अनुमति देने से पहले प्रशासन संबंधित मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेगा। जिन मार्गों से जुलूस निकाले जाएंगे, वहां आवश्यकता के अनुसार हाइवा और अन्य भारी वाहनों के आवागमन को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी

मुहर्रम के दौरान सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्टों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि लोक शांति या विधि व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द

संयुक्त आदेश के अनुसार सभी राजपत्रित पदाधिकारी और पर्यवेक्षक अधिकारियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पुलिस कर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दी गई हैं ताकि किसी भी परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पेयजल, बिजली और सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान

मुहर्रम के दौरान पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि पर्व के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक कंट्रोल रूम नंबर 0326-2311807 अथवा 112 पर संपर्क कर सकते हैं।

मोहर्रम को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए किया गया मॉक ड्रिल

धनबाद। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को धनबाद पुलिस केंद्र में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, ट्रैफिक डीएसपी, सीसीआर डीएसपी सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिसकर्मियों को जुलूस के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित आपात स्थितियों, विशेषकर भगदड़ या कानून-व्यवस्था संबंधी किसी भी चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस बल ने विभिन्न परिस्थितियों का अभ्यास कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले जुलूसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य जवानों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए तैयार करना है, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर लिया गया है। झरिया, बैंक मोड़ समेत अन्य महत्वपूर्ण इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन क्षेत्रों में डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम तैनात रहेगी, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि मॉक ड्रिल से पुलिस जवानों का अभ्यास भी हो गया है और उनकी तैयारी की समीक्षा भी की गई है। प्रशासन का लक्ष्य है कि मोहर्रम पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो तथा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।