Dhanbad : गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग पर धनबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 महीने में 45 गुर्गे गिरफ्तार

धनबाद पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 9 महीनों में 45 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रिंस खान के करीबी सैफी उर्फ मेजर की गिरफ्तारी समेत कई मुठभेड़ों में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। हथियार, गोलियां और जमीन से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए।

Dhanbad : गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग पर धनबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 महीने में 45 गुर्गे गिरफ्तार
गैंगस्टर प्रिंस खान 9फाइल फोटो)।
  • तीन बार पुलिस और गैंग के बीच हुई मुठभेड़
  • प्रिंस खान के खास सैफी समेत 45 अपराधी दबोचे गए
  • विदेश से गैंग चला रहा था सैफी
  • कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा

धनबाद (Threesocieties.com Desk): वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान उर्फ मो. हैदर अली के नेटवर्क पर धनबाद पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग की कमर तोड़ने का दावा किया है। पिछले नौ महीनों में पुलिस ने गैंग से जुड़े 45 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनमें प्रिंस खान का बेहद करीबी और राइट हैंड माने जाने वाला सैफी उर्फ मेजर भी शामिल है। लगातार हो रही छापेमारी, मुठभेड़ और गिरफ्तारी अभियान के बाद गैंग में हड़कंप मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें: चतरा को जाम से मिलेगी राहत! हंटरगंज बाईपास परियोजना पर बढ़ा कदम, NHAI तैयार कर रहा DPR

धनबाद पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक जून 2025 से अब तक गैंग से जुड़े 26 मामलों में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि कई फरार अपराधी अब भी रडार पर हैं और उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

एक साथ 12 अपराधियों की गिरफ्तारी से मचा था हड़कंप

प्रिंस खान गैंग के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई 13 अक्टूबर 2025 को हुई थी, जब पुलिस ने एक साथ 12 अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क को झटका दिया था। इसके बाद 9 मई 2026 को चार अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी कर पुलिस ने गैंग की गतिविधियों पर और बड़ा प्रहार किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि गैंग के आर्थिक नेटवर्क और अवैध संपत्तियों की भी जांच की जा रही है।

विदेश से गैंग ऑपरेट कर रहा था सैफी उर्फ मेजर

धनबाद पुलिस की सबसे बड़ी सफलता प्रिंस खान के करीबी सैफी उर्फ मेजर की गिरफ्तारी मानी जा रही है। पुलिस के अनुसार सैफी लंबे समय से फरार था और विदेश में छिपकर गैंग को संचालित करने में मदद कर रहा था। उसे 19 अप्रैल 2026 को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। सैफी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को गैंग के कई नेटवर्क और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी मिली है। सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

प्रिंस खान गैंग के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच तीन बड़ी मुठभेड़ भी हुईं।

14 अक्टूबर 2025: जमशेदपुर का मोस्ट वांटेड अपराधी भानु मांझी तिलाटांड़ पहाड़ी रिजर्वायर टंकी के पास पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया।
8 मार्च 2026: सरायढेला फायरिंग रेंज में हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान का गुर्गा सुदीश ओझा घायल हुआ और गिरफ्तार कर लिया गया।
16 मार्च 2026: भागाबांध ओपी क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम को गोली लगी, जबकि अफजल उर्फ अमन भागने के दौरान घायल हो गया।

हथियार, गोलियां और दस्तावेज जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किए हैं। अब तक:

18 पिस्टल और कट्टा
47 जिंदा गोलियां
13 खोखा
पांच मोटरसाइकिल
कई मोबाइल फोन और सिम कार्ड
डेबिट कार्ड, पासबुक और चेकबुक
जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज

जब्त दस्तावेजों के आधार पर पुलिस गैंग की अवैध संपत्तियों और आर्थिक नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान

धनबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रिंस खान गैंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। फरार अपराधियों की पहचान कर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गैंग के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।