धनबाद: झरिया में 7 जून को होगा प्रतिभाओं का महाकुंभ! मारवाड़ी युवा मंच करेगा मेधावियों का भव्य सम्मान
मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा 7 जून 2026 को झरिया में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करेगी, जिसमें शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): मारवाड़ी समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने की दिशा में मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा एक बड़ा आयोजन करने जा रही है। शाखा द्वारा आगामी 7 जून 2026 (रविवार) को संध्या 5:30 बजे से श्री अग्रवाल धर्मशाला (नया भवन), झरिया में भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह–2026” आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: धनबाद: जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल दो पल्सर बाइक बरामद

मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा के अध्यक्ष किरण शर्मा ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देकर नई पीढ़ी को प्रेरणा देना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के मेधावी विद्यार्थियों और युवाओं के लिए एक सम्मानजनक मंच प्रदान करेगा।
यह भी पढ़ें: धनबाद: गो सेवा और सेवा भाव का संदेश, मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा ने गोशाला में किया पुण्य कार्य
समारोह के तहत कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में निर्धारित अंकों से सफल होने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर विश्वविद्यालयों में प्रथम से दसवें स्थान तक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान समारोह में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: धनबाद: “सेवा, संस्कार और संगठन का संकल्प: मारवाड़ी युवा मंच झरिया की नई टीम ने संभाली कमान”
इतना ही नहीं, CA, CS, CMA, ACCA, CPA, MBA, मेडिकल, इंजीनियरिंग, सिविल सेवा, LLB, LLM, M.Phil., Ph.D., B.Ed., M.Ed. समेत विभिन्न प्रोफेशनल और उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों की अंतिम परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को भी इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि यदि उनकी जानकारी में उपरोक्त श्रेणियों में आने वाले योग्य और प्रतिभाशाली विद्यार्थी हों, तो उन्हें 2 जून 2026 तक निर्धारित Google Form के माध्यम से अपना विवरण भेजने के लिए प्रेरित करें, ताकि उन्हें सम्मान समारोह में शामिल किया जा सके।
शाखा सचिव सन्नी अग्रवाल ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को पहचान देना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना ही इस आयोजन का मूल उद्देश्य है। उन्होंने अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।
मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा का यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का मंच बनेगा, बल्कि समाज के युवाओं को बेहतर प्रदर्शन और उपलब्धियों के लिए प्रेरित करने का भी कार्य करेगा।






