धनबाद: झरिया में शराब दुकान के बाहर हंगामा, शराब दुकान के बाहर पुलिस-बारातियों की भिड़ंत से मची अफरा-तफरी

Dhanbad News: झरिया के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के बाहर नशे में धुत बारातियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। पुलिस पर पथराव के बाद लाठीचार्ज किया गया। आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया और पूरे इलाके में फ्लैग मार्च निकाला गया।

धनबाद: झरिया में शराब दुकान के बाहर हंगामा, शराब दुकान के बाहर पुलिस-बारातियों की भिड़ंत से मची अफरा-तफरी
झरिया पुलिस ने किया लाठीचार्ज; आधा दर्जन से अधिक हिरासत में।

Advertisement

    Highlights:

  • झरिया के कतरास मोड़ स्थित शराब दुकान के बाहर बारातियों और पुलिस के बीच हुई भिड़ंत।
  • नशे में धुत लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, पुलिस वाहन को भी बनाया निशाना।
  • बम फेंके जाने की चर्चा, लेकिन पुलिस ने बमबाजी की पुष्टि नहीं की।
  • पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात पर पाया काबू, आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया।
  • कतरास मोड़ से सिंह नगर तक फ्लैग मार्च, पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई।
  • झरिया में शराब दुकान पर बरातियों और पुलिस में भिड़ंत, पथराव के बाद लाठीचार्ज; कई हिरासत में

धनबाद (Threesocieties.com): धनबाद के झरिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कतरास मोड़ पुल के समीप स्थित शराब दुकान के बाहर नशे में धुत बारातियों और झरिया पुलिस के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।

यह भी पढ़ें: धनबाद में कोयला उठाव को लेकर बढ़ा विवाद,: मेयर संजीव सिंह और कांग्रेस नेता हर्ष सिंह के समर्थक आमने-सामने, दोनों पक्षों ने कराई FIR

जानकारी के अनुसार, झरिया थाना पुलिस ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर शराब दुकान के बाहर जमा बड़ी संख्या में शराब पी रहे लोगों पर पड़ी। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ नशे में धुत लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

बारात के दौरान हुआ बवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कतरास मोड़ स्थित गुलगुलिया बस्ती के पास राजेश भुइयां की बेटी की शादी थी। कई वाहनों से बाराती समारोह में पहुंचे थे। शादी के दौरान तीन दर्जन से अधिक बाराती शराब खरीदने शराब दुकान पहुंचे और वहीं शराब पीने लगे। नशे की हालत में कुछ लोग आपस में हंगामा करने लगे। इसी दौरान झरिया थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाने का प्रयास किया। इस पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की और पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया।

बमबाजी की चर्चा, पुलिस ने किया इनकार

घटना के दौरान स्थानीय लोगों के बीच पुलिस जीप पर दो बम फेंके जाने की चर्चा भी रही। हालांकि झरिया पुलिस ने इस दावे से साफ इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि केवल पथराव की घटना हुई है और मामले की जांच की जा रही है। उपद्रवियों के उग्र तेवर को देखते हुए पुलिस की पहली टीम वहां से हट गई। इसके कुछ ही देर बाद भारी संख्या में पुलिस बल कई वाहनों के साथ मौके पर पहुंचा और उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए लाठीचार्ज किया। लाठीचार्ज के बाद इलाके में भगदड़ मच गई।

आधा दर्जन से अधिक हिरासत में

पुलिस ने मौके से राजू समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है। घटना के बाद शराब दुकान संचालक ने तत्काल दुकान बंद कर दी और वहां से चला गया।

इलाके में फ्लैग मार्च, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कतरास मोड़ से सिंह नगर तक पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। देर रात तक पुलिस लगातार गश्त करती रही ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

क्या बोले झरिया थाना प्रभारी?

झरिया थाना के इंस्पेक्टर शशिरंजन कुमार ने बताया कि नशे में धुत उपद्रवियों ने गश्ती पुलिस वाहन पर पथराव किया। मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर फैल रही बमबाजी की खबरों की पुष्टि नहीं हुई है और फिलहाल जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।