Advertisement

धनबाद (Threesocieties.com Desk)। कोयला राजधानी धनबाद में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने को लेकर सोमवार को बोकारो रेंज के डीआईजी श्री आनंद प्रकाश ने पुलिस अधिकारियों के साथ अहम समीक्षा बैठक की। समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित इस बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी त्योहारों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें: कोयला घोटाला: रांची में ईडी के सामने पेश हुए धनबाद के कारोबारी एलबी सिंह, खनन-परिवहन पर हुई पूछताछ

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋतविक श्रीवास्तव, मुख्यालय डीएसपी सहित जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जिले में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान, लंबित मामलों की स्थिति और पुलिस की कार्यप्रणाली की जानकारी डीआईजी को दी।

सरायढेला मुठभेड़ पर सख्त रुख, प्रिंस खान गैंग पर कार्रवाई तेज करने का आदेश

बैठक के दौरान डीआईजी ने हाल ही में सरायढेला थाना क्षेत्र में प्रिंस खान गिरोह के साथ हुई मुठभेड़ की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूरी घटना, की गई कार्रवाई और फरार अपराधियों की स्थिति की जानकारी ली। डीआईजी आनंद प्रकाश ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रिंस खान गिरोह के फरार सदस्यों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

उन्होंने कहा कि जिले में सक्रिय संगठित अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर और त्वरित कार्रवाई ही कानून व्यवस्था को मजबूत बनाएगी।

ईद और रामनवमी को लेकर हाई अलर्ट

आगामी ईद और रामनवमी को देखते हुए डीआईजी ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए, नियमित गश्ती बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही उन्होंने अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बंगाल चुनाव के मद्देनजर सीमा पर बढ़ेगी चौकसी

बैठक में पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। डीआईजी ने निर्देश दिया कि बंगाल सीमा से सटे इलाकों में पुलिस की चौकसी बढ़ाई जाए। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान सत्यापित करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस व्यवस्था पर जताया संतोष

समीक्षा बैठक के अंत में डीआईजी आनंद प्रकाश ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतोष जताया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आने वाले त्योहारों और चुनाव को देखते हुए पुलिस और अधिक सतर्कता के साथ काम करे, ताकि जिले में शांति और कानून व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।