धनबाद: गैगस्टर प्रिंस खान पर शिकंजा,वासेपुर के घर की कुर्की-जप्ती, पाकिस्तान में छिपे होने का दावा
धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के वासेपुर स्थित आवास पर बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस ने संयुक्त रूप से कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की। कोर्ट के आदेश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दावा किया कि फरार प्रिंस खान पाकिस्तान में छिपकर अपने नेटवर्क का संचालन कर रहा है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके वासेपुर स्थित आवास पर कुर्की-जप्ती की प्रक्रिया पूरी की। बैंक मोड़ थाना और भूली ओपी पुलिस की संयुक्त टीम ने धनबाद न्यायालय के आदेश के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। इलाके में कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें: धनबाद में हाईवोल्टेज ड्रामा: नशे में धुत युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से की मारपीट, वर्दी फाड़ी, FIR जेल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रिंस खान लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, धमकी, फायरिंग समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बार-बार समन जारी होने के बावजूद अदालत में उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय ने कुर्की-जप्ती का आदेश दिया था। इसी आदेश के तहत पुलिस टीम शुक्रवार को उसके वासेपुर स्थित ठिकाने पर पहुंची।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई, फिर भी गिरफ्त से बाहर
जानकारी के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब पुलिस ने प्रिंस खान के खिलाफ कुर्की-जप्ती की कार्रवाई की हो। इससे पहले भी उसके कई ठिकानों पर छापेमारी और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन अब तक वह पुलिस की पकड़ से दूर है। धनबाद पुलिस का दावा है कि प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपकर बैठा है और वहीं से अपने आपराधिक नेटवर्क का संचालन कर रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया और इंटरनेट कॉलिंग के जरिए वह अपने गुर्गों के संपर्क में बना हुआ है।
गैंग पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रिंस खान गैंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हाल के दिनों में उसके कई करीबी सहयोगियों और गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है। कई संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है। धनबाद पुलिस का कहना है कि जिले में रंगदारी, धमकी और फायरिंग की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस अब गैंग के आर्थिक नेटवर्क और सहयोगियों की संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
इलाके में बना रहा चर्चा का विषय
वासेपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। भारी पुलिस बल की तैनाती के कारण इलाके में कुछ समय तक तनाव जैसी स्थिति भी बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून से बच निकलना संभव नहीं होगा।






