- धनबाद में पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारें
- DC बोले- खत्म नहीं होगा पेट्रोल-डीजल
- प्रशासन ने कहा- पर्याप्त है ईंधन स्टॉक
- DC की अपील- जरूरत भर ही खरीदें पेट्रोल-डीजल
धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले में पेट्रोल और डीजल की कमी तथा कीमतों में बढ़ोतरी की अफवाहों ने बुधवार देर शाम अचानक अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों में अतिरिक्त ईंधन भरवाने पहुंचने लगे, जिससे सामान्य व्यवस्था प्रभावित हो गई।
यह भी पढ़ें: कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे का बेलगड़िया दौरा:रोजगार परियोजना की सौगात, शिक्षा और पुनर्वास पर बड़ा संदेश
और भी पढ़ें
- धनबाद में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 1200 किलो लड्डू नष्ट, मद्रास कैफे पर जुर्माना
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है।
अफवाह से बढ़ी भीड़, पेट्रोल पंपों पर लगी कतारें
बुधवार शाम सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर पेट्रोल-डीजल खत्म होने तथा दाम बढ़ने की चर्चाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। इसके बाद शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर अचानक वाहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगह बाइक और कार चालकों की लंबी लाइनें देखी गईं। लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवाने लगे, जिससे कई पंपों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह केवल अफवाह है और जिले में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है।
उपायुक्त ने लोगों से की संयम बरतने की अपील
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि लोग किसी भी तरह की अफवाह से घबराएं नहीं। पेट्रोल और डीजल की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन खरीदें और अनावश्यक रूप से स्टॉक करने की कोशिश न करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गुरुवार को तेल कंपनियों के साथ होगी अहम बैठक
स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को समाहरणालय में जिले की सभी तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। बैठक में जिले में ईंधन आपूर्ति की स्थिति, स्टॉक और वितरण व्यवस्था पर चर्चा होगी। प्रशासन का कहना है कि लोगों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है और जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।