धनबाद: जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल दो पल्सर बाइक बरामद

धनबाद के जामाडोबा डुमरी नंबर-2 गोलीकांड मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रिक्की सिंह को गोली मारने की घटना में इस्तेमाल दो पल्सर बाइक भी बरामद हुई हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

धनबाद: जामाडोबा गोलीकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल दो पल्सर बाइक बरामद
CCTV और तकनीकी जांच से आरोपी गिरफ्तार।
  • रिक्की सिंह पर फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, फरार आरोपियों की तलाश तेज
  • धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता: रोपवे केबल विवाद बना खूनी संघर्ष!, पुलिस ने खोले कई राज

धनबाद(Threesocieties.com Desk): झरिया के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी नंबर-2 में हुई गोलीबारी की घटना का धनबाद पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली हैं। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

यह भी पढ़ें: कोलकाता में जुटे ‘नोबिलियंस’, ANAA-TG Kolkata 4.0 को बनाने का लिया संकल्प, 20+ रिटायर्ड टीचर्स भी होंगे शामिल!

रविवार को सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 29 मई को डुमरी नंबर-2 निवासी 28 वर्षीय रिक्की सिंह को आपसी विवाद के दौरान गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। घटना के बाद घायल की पत्नी चंदा कौर के आवेदन पर जोड़ापोखर थाना में कांड संख्या 64/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

यह भी पढ़ें: धनबाद: जामाडोबा में युवक को सीने में मारी गोली, लोहा चोरी के विवाद में गैंगवार की आशंका

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (SIT) गठित की। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित इस टीम का नेतृत्व सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो कर रहे थे।

जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों नानक सिंह और आरिफ अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई दोनों बजाज पल्सर 220 मोटरसाइकिलें बोकारो स्टील रेलवे स्टेशन क्षेत्र से बरामद कर ली गईं।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे हर्ष सिंह और गौरव सिंह के साथ रिक्की सिंह के घर के पास रखे गए रोपवे केबल को उठाने पहुंचे थे। इसी दौरान रिक्की सिंह और उसके भाई विजय उर्फ दारा सिंह के साथ कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद जामाडोबा पेट्रोल पंप के समीप हर्ष सिंह ने रिक्की सिंह पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि पूर्व में रिक्की सिंह और उसके दोनों भाई कथित तौर पर गौरव सिंह उर्फ गोपु के साथ मिलकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे थे। हालांकि पुलिस वर्तमान विवाद की वास्तविक वजह, पुराने आपराधिक कनेक्शन और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद महतो ने कहा कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस की इस कार्रवाई को जामाडोबा गोलीकांड में बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि इस घटना के पीछे की पूरी साजिश और आपराधिक कड़ियों का खुलासा अभी बाकी है।