- बिग बाजार से तपोवन कॉलोनी तक पहुंचे मेयर,“आधे घंटे की बारिश में खुली सिस्टम की पोल
- जलजमाव, नाली जाम और सड़क बाधाओं पर कराया तत्काल एक्शन
- “पेड़ गिरा, सड़कें डूबीं, नालियां जाम… बारिश के बीच मेयर संजीव सिंह ने किया ग्राउंड विजिट”
धनबाद (Threesocieties.com Desk): शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश ने एक बार फिर धनबाद नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। शहर के कई इलाकों में जलजमाव, जाम नालियां और सड़क बाधित होने जैसी समस्याएं सामने आईं। हालांकि हालात बिगड़ते देख धनबाद मेयर संजीव सिंह एक्शन मोड में नजर आए और अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर खुद मोर्चा संभाल लिया।
यह भी पढ़ें: DVC में बड़ा फेरबदल: NTPC के CMD गुरदीप सिंह को चेयरमैन का एडीशनल चार्ज, एसके पांडा बने मेंबर-सेक्रेटरी
और भी पढ़ें
- धनबाद में मिलावट पर बड़ी कार्रवाई: 1200 किलो लड्डू नष्ट, मद्रास कैफे पर जुर्माना
- धनबाद के धैया में चला बुलडोजर, 1.03 एकड़ वन भूमि और सरकारी जमीन अतिक्रमण मुक्त
- JPSC घोटाले में बड़ा खुलासा: 11 अभ्यर्थियों से वसूले एक करोड़, लैपटॉप में मिले 24 नाम
- मधुबनी गोलीकांड: ग्रामीण की मौत पर बवाल, DM का कॉलर पकड़ा; फरार ASI पर 25 हजार इनाम

सबसे पहले मेयर बिग बाजार के समीप पहुंचे, जहां तेज बारिश और आंधी के कारण सड़क पर एक विशाल वृक्ष गिर गया था। पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। सूचना मिलते ही मेयर ने निगम कर्मियों और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर तत्काल पेड़ हटाने का कार्य शुरू कराया, जिसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

इसके बाद मेयर तपोवन कॉलोनी पहुंचे, जहां भारी बारिश के कारण गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कई गलियों और घरों के आसपास पानी जमा होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। मेयर ने मौके पर जाम नालियों की सफाई करवाई और अधिकारियों को ड्रेनेज व्यवस्था के स्थायी समाधान का निर्देश दिया।
वहीं विद्यापति नगर स्थित शिवांश एंक्लेव में भी जलभराव की शिकायत मिलने पर मेयर अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन इलाकों में बार-बार जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां प्राथमिकता के आधार पर ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त किया जाए।
न्यू बैंक कॉलोनी में नाली अवरुद्ध होने के कारण सड़क और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो गया था। शिकायत मिलने पर मेयर वहां भी पहुंचे और कचरे से जाम नालियों की तत्काल सफाई करवाई। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान की रूपरेखा पर चर्चा की।
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि, “जनता की सुविधा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जहां-जहां से शिकायतें मिल रही हैं, वहां तत्काल राहत कार्य कराया जा रहा है। साथ ही भविष्य में जलजमाव और नाली जाम जैसी समस्याओं से स्थायी समाधान के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जा रही है।”
इधर, लगातार बारिश के बाद नीलांचल कॉलोनी समेत कई अन्य क्षेत्रों से भी जलभराव की शिकायतें सामने आईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी देर की बारिश में ही कई इलाकों की स्थिति बदहाल हो जाती है। लोगों ने नगर निगम से स्थायी समाधान की मांग की है।
बारिश के बाद मेयर की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष जताया, लेकिन लगातार सामने आ रही जलनिकासी की समस्याओं ने नगर निगम की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।