धनबाद:सदस्य ही संगठन की रीढ़, श्रमिक हितों की लड़ाई में एकजुटता जरूरी : के. लक्ष्मा रेड्डी

धनबाद में धकोकसंघ की विस्तारित कार्यसमिति बैठक में कोल उद्योग प्रभारी के. लक्ष्मा रेड्डी ने सदस्यता विस्तार और संगठन मजबूती पर जोर दिया। बैठक में चार लेबर कोड, श्रमिक अधिकार, सामाजिक सुरक्षा और बीसीसीएल कर्मियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

धनबाद:सदस्य ही संगठन की रीढ़, श्रमिक हितों की लड़ाई में एकजुटता जरूरी : के. लक्ष्मा रेड्डी
धनबाद में धकोकसंघ की बड़ी बैठक।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद कोयला क्षेत्र कर्मचारी संघ (धकोकसंघ) की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक शनिवार को संघ कार्यालय स्थित विश्वकर्मा भवन के त्रैयंबक राव जुमडे सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष मुरारी तांती ने की, जबकि संचालन महामंत्री उमेश कुमार सिंह ने किया।

यह भी पढ़ें: BPSC 70वीं का फाइनल रिजल्ट जारी: श्रद्धा पांडेय बनीं टॉपर, 2027 पदों पर चयन; 745 महिलाओं ने लहराया परचम

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा, भारत माता और दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्रों पर माल्यार्पण तथा संघीय गीत के साथ किया गया। बैठक में भारतीय मजदूर संघ और कोयला उद्योग से जुड़े कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय मजदूर संघ के कोल उद्योग प्रभारी एवं भारत सरकार की स्थायी सुरक्षा समिति के सदस्य के. लक्ष्मा रेड्डी ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि "सदस्य ही किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। संगठन जितना मजबूत होगा, श्रमिकों की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से उठाई जा सकेगी।"

उन्होंने सदस्यता विस्तार अभियान, सदस्यता कटौती, चार लेबर कोड और कोयला उद्योग के संगठित तथा असंगठित श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों का मूल उद्देश्य श्रमिकों को समान अधिकार, समान वेतन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना है। किसी भी प्रकार के मानसिक या शारीरिक शोषण से श्रमिकों की रक्षा करना श्रम कानूनों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

श्रमिक हित, उद्योग हित और राष्ट्र हित साथ-साथ

अखिल भारतीय खदान मजदूर संघ के संगठन मंत्री अशोक मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को भी सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा राष्ट्र हित, उद्योग हित और मजदूर हित की बात करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सुरक्षित रहेगा तो उद्योग आगे बढ़ेगा और उद्योग आगे बढ़ेगा तो मजदूरों का भविष्य भी सुरक्षित रहेगा। मजदूरों की खुशहाली ही उद्योग और राष्ट्र की समृद्धि का आधार है। भारतीय मजदूर संघ स्थापना काल से ही शोषित, पीड़ित और वंचित वर्गों के हितों की रक्षा के लिए कार्य करता रहा है।

बीसीसीएल क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने रखीं समस्याएं

बैठक में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के विभिन्न क्षेत्रों से आए अध्यक्षों और सचिवों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों और श्रमिक समस्याओं का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। प्रतिनिधियों ने वेतन, सुविधाओं, सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और कार्यस्थल संबंधी विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। 

बैठक में माधव सिंह, के.के. सिंह, ओम कुमार सिंह, धर्मजीत चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय अध्यक्ष, सचिव और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, श्रमिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने तथा सदस्यता अभियान को गति देने का संकल्प लिया गया। बैठक में धकोकसंघ के पदाधिकारी मंतोष तिवारी, अरिंजय श्रीवास्तव, अयोध्या मिश्रा, एस. के. मिश्रा, भौमिक महतो, संजीव सिंह, लोकेश कुमार सिंह, संत कुमार चौहान, सुशील कुमार सिंह, प्रशांत नियोगी, अनिल कुमार एवं अध्यक्ष - सचिव क्रमशः देवनाथ चौहान, अनुप चौहान, अविनाश दुवे, कामाख्या नारायण सिंह, नुनुमनि सिंह, तेजलाल प्रसाद, राजेश मंडल, अमरेश चौधरी, प्रवीण कुमार, कुन्दन कुमार चौहान, आशुतोष कुमार, कृष्ण कन्हैया, रामजीत मौर्या, वीएन झा, संतोष कुमार, कालीपद महतो, रामजनम पासवान, विजय कुमार यादव, दिनानाथ नोनिया, सुभाष चन्द्र तिवारी, प्रकाश बाउरी, चंदन कुमार सिंह, अवधेश प्रसाद, सुमन्त सिंह, समिर कुमार नियोगी, ठाकुर प्रसाद महतो, राजेन्द्र महतो, संदीप श्रीवास्तव संतोष कुमार सिंह, विपिन कुमार आदि अन्य कार्यकर्ता उपस्थित।

बैठक का समापन श्रमिक एकता और संगठन विस्तार के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने कहा कि आने वाले दिनों में कोयला उद्योग के कर्मचारियों और श्रमिकों के हितों से जुड़े मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा।भागलपुर में पत्नी, बांका में पति बने DM: IIT-NIT से पढ़े IAS दंपती संभालेंगे अंग क्षेत्र की कमान