धनबाद: पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में शुरू हुई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं, अब शहर में ही दिल्ली-मुंबई जैसा इलाज

धनबाद के पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरो एवं स्पाइन सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग और ईएनटी जैसी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। अस्पताल में एडवांस कैथलैब, एंडोस्कोपी, मॉड्यूलर OT और कैशलेस इलाज की सुविधा भी शुरू हुई है।

धनबाद: पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में शुरू हुई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं, अब शहर में ही दिल्ली-मुंबई जैसा इलाज
पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में जुड़े कई विशेषज्ञ डॉक्टर और हाईटेक मशीनें।
  • पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में अब गैस्ट्रो, यूरो, हार्ट और न्यूरो इलाज एक ही छत के नीचे
  • एडवांस कैथलैब से लेकर मॉड्यूलर OT तक की सुविधा शुरू

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी है। शहर के प्रतिष्ठित पाटलीपुत्र हॉस्पिटल, जोड़ा फाटक रोड ने अपने चिकित्सा सेवाओं का विस्तार करते हुए कई नई सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की शुरुआत की है। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि अब मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जैसे महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अत्याधुनिक इलाज की सुविधाएं अब धनबाद में ही उपलब्ध होंगी।

यह भी पढ़ें: धनबाद: पेट्रोल-डीजल खत्म होने की अफवाह, पंपों पर लगी लंबी कतारें; SSP प्रभात कुमार ने कहा- घबराएं नहीं, सप्लाई जारी

अस्पताल में पहले से संचालित कार्डियोलॉजी, न्यूरो एवं स्पाइन सर्जरी तथा पल्मोनोलॉजी विभाग के साथ अब गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग एवं ईएनटी जैसी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं भी शुरू की गई हैं। इससे धनबाद और आसपास के जिलों के मरीजों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

कई विशेषज्ञ डॉक्टरों की हुई नियुक्ति

पाटलीपुत्र हॉस्पिटल ने विभिन्न विभागों के अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सकों को अपनी टीम में शामिल किया है। इनमें गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी एवं लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश झा, मूत्र रोग एवं किडनी स्टोन विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक शरण, फेफड़ा एवं श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. अनामिका वर्मा, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल कुमार, न्यूरो एवं स्पाइन सर्जन डॉ. कुणाल किशोर, हड्डी एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. निखिल ड्रोलिया, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. विदिशा ड्रोलिया तथा ईएनटी एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी विशेषज्ञ डॉ. जुनैद आलम शामिल हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर परामर्श और सटीक उपचार मिल सकेगा।

हाईटेक मशीनों और आधुनिक तकनीक से लैस हुआ अस्पताल

अस्पताल के सीईओ एवं ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. निखिल ड्रोलिया ने प्रेस वार्ता में बताया कि अस्पताल में एडवांस कैथलैब, अत्याधुनिक एंडोस्कोपी मशीन, लैप्रोस्कोपी यूनिट, आरआईआरएस तकनीक से किडनी स्टोन ऑपरेशन तथा मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि इन तकनीकों की मदद से मरीजों की जांच और इलाज पहले की तुलना में अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। खासकर हार्ट, किडनी, न्यूरो और जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसी जटिल बीमारियों के मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

अब महानगर जाने की जरूरत नहीं

डॉ. निखिल ड्रोलिया ने कहा कि धनबाद एवं आसपास के मरीज गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लंबे समय से बड़े शहरों पर निर्भर रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होने से मरीजों का समय, पैसा और परेशानी तीनों कम होंगे।

कैशलेस इलाज की सुविधा भी शुरू

पाटलीपुत्र हॉस्पिटल में विश्वस्तरीय पैथोलॉजी जांच सुविधा के साथ कई सरकारी एवं सार्वजनिक संस्थानों के कर्मचारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा भी शुरू की गई है। अस्पताल में सीजीएचएस, कोल इंडिया, ईस्ट सेंट्रल रेलवे, सीएसआईआर-सिमफर, आईआईटी आईएसएम, गेल इंडिया, एफसीआई, ईएसआईसी एवं राज्य कर्मी बीमा योजना झारखंड के अंतर्गत इलाज कराया जा सकेगा।

अस्पताल प्रबंधन ने कहा कि आधुनिक तकनीक, अनुभवी डॉक्टरों और समर्पित चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से पाटलीपुत्र हॉस्पिटल धनबाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।