देवघर से शादी से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार: गिरिडीह में कार-बस की जोरदार टक्कर, 2 की मौत, 5 गंभीर घायल
गिरिडीह के धनवार-खोरीमहुआ मार्ग पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में देवघर से लौट रहे एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। कार और बस की आमने-सामने टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गिरिडीह (Threesocieties.com Desk): झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। देवघर से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे एक ही परिवार के सात लोग उस समय दुर्घटना का शिकार हो गए, जब उनकी कार की आमने-सामने टक्कर एक यात्री बस से हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें:झारखंड में 10 करोड़ का वेतन घोटाला! बोकारो से ASI गिरफ्तार, AG ऑडिट की ‘क्लीन चिट’ पर भी उठे सवाल
यह दर्दनाक हादसा धनवार-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर लालबाजार स्थित मुस्लिम चौक के समीप सुबह करीब पांच बजे हुआ। बताया जा रहा है कि धनवार से खोरीमहुआ की ओर जा रही विभा बस (JH 11 W 5096) और देवघर से बिरनी लौट रही स्विफ्ट डिजायर कार (WB 17 7183) के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहनों की रफ्तार तेज थी और टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
दो लोगों की मौके पर मौत
इस हादसे में बिरनी प्रखंड के बरमसिया निवासी बंगाली हाड़ी (70 वर्ष) और कुमकुम कुमारी (24 वर्ष) की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में— सुकरी देवी (65 वर्ष), तारा देवी (50 वर्ष), रोनित कुमार (20 वर्ष)
जयनारायण राम (52 वर्ष) व लक अरबिंद यादव (25 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से दो घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
एक ही परिवार के सदस्य थे सभी
जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे देवघर में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए भाड़े की कार से गए थे और समारोह समाप्त होने के बाद वापस बिरनी लौट रहे थे। इसी दौरान लालबाजार के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस चालक ने कार को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण टक्कर टाली नहीं जा सकी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात भी बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार और सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि इस सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी प्रखंड के प्रमुख रामु बैठा समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रामु बैठा ने मृतकों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों मृतक बेहद सरल, मिलनसार और सामाजिक प्रवृत्ति के थे। उन्होंने कहा, “वे हमेशा समाज के लोगों की मदद के लिए आगे रहते थे। उनकी असमय मृत्यु से पूरे समाज को बड़ी क्षति हुई है।” यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरों को सामने लाता है। शादी की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर है।






