पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल अनाथ विद्यालय में लगा फ्री मेडिकल कैंप, बच्चों को बांटी गई किताबें और खेल सामग्री
धनबाद के पूर्वी टुंडी स्थित पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल अनाथ विद्यालय में साईं डायग्नोस्टिक सेंटर द्वारा मुफ्त मेडिकल कैंप लगाया गया, जिसमें बच्चों की स्वास्थ्य जांच, ब्लड ग्रुप टेस्ट और आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड के पोखरिया स्थित पेमिया ऋषिकेश मेमोरियल आवासीय अनाथ विद्यालय में रविवार को सामाजिक सरोकार की एक सराहनीय पहल देखने को मिली। साईं डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से यहां एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
यह भी पढ़ें: धनबाद के DAV कोयलानगर को मिली नई कमान: 30 साल का अनुभव लेकर आईं डोलन चम्पा बनर्जी

इस दौरान बच्चों का सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ ब्लड ग्रुप की भी जांच की गई और उन्हें प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया गया। कैंप का उद्घाटन टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। उन्होंने इस पहल के लिए साईं डायग्नोस्टिक सेंटर के डॉक्टरों और टीम का आभार व्यक्त किया।

मौके पर मौजूद डॉ. प्रणय कुमार पूर्वे, डॉ. रीना पूर्वे और संस्कार ने बच्चों की जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। साथ ही संस्कार संस्था के सहयोग से बच्चों के बीच कॉपी, पेंसिल, रबर सहित शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को खेल सामग्री जैसे बैट, बॉल और लूडो भी दिए गए, जिससे उनमें उत्साह का माहौल देखा गया। इसके अलावा बिस्कुट, जूस और अन्य खाद्य सामग्री भी वितरित की गई।

विधायक मथुरा महतो ने बच्चों के बीच पुस्तकें बांटी और विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए वे हरसंभव सहयोग के लिए हमेशा प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार, धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी, दिनेश महतो, मिराज खान, मनीष भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।यह आयोजन न सिर्फ बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी रहा, बल्कि उनके मनोबल और भविष्य को संवारने की दिशा में भी एक सकारात्मक कदम साबित हुआ।






