गया-पटना रेलखंड गैंगरेप कांड का 24 घंटे में खुलासा: बेलागंज में 5 दरिंदे गिरफ्तार, चेन पुलिंग कर वारदात को देते थे अंजाम

बिहार के गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज के पास युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। SIT ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया, जो चेन पुलिंग कर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देते थे।

गया-पटना रेलखंड गैंगरेप कांड का 24 घंटे में खुलासा: बेलागंज में 5 दरिंदे गिरफ्तार, चेन पुलिंग कर वारदात को देते थे अंजाम
प्रेस कांफ्रेस में जानकारी देते पुलिस अफसर।

गया (Threesocieties.com Desk): बिहार के गया-पटना रेलखंड पर बेलागंज थाना क्षेत्र में हुई सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में गठित विशेष जांच टीम (SIT) ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जो सुनियोजित तरीके से चेन पुलिंग कर ऐसी वारदातों को अंजाम देते थे।

यह भी पढ़ें: बंगाल में BJP 200 पार, तमिलनाडु में विजय की एंट्री से खेल पलटा, केरल में कांग्रेस वापसी, असम में BJP की हैट्रिक”

 कैसे हुई वारदात?

प्रभारी वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) सह नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने बताया कि 1 मई को एक पैसेंजर ट्रेन में बेलागंज थाना क्षेत्र के नियामतपुर हाल्ट से करीब एक किलोमीटर पहले चेन पुलिंग की गई। इसी दौरान गलतफहमी में एक युवती ट्रेन से उतर गई। ट्रेन आगे बढ़ जाने के बाद वह पैदल नियामतपुर हाल्ट की ओर जा रही थी। तभी ट्रेन से उतरे दो युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर सुनसान स्थान पर ले गए और अपने अन्य साथियों को बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।

 पहले से रची गई थी साजिश

जांच में सामने आया कि आरोपी अक्सर इसी तरह चेन पुलिंग कर सुनसान जगहों पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। युवती और आरोपियों के बीच ट्रेन में सामान्य बातचीत हुई थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने उसे अपने जाल में फंसा लिया।

कौन हैं आरोपी?

पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें जहानाबाद के उपेंद्र कुमार उर्फ भूटा,  बेलागंज के अंकित कुमार, 
राहुल कुमार व अमरेंद्र कुमार उर्फ मथुरा यादव शामिल हैं। इनके पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।

तकनीक से मिला बड़ा सुराग

पुलिस ने मोबाइल टावर लोकेशन और तकनीकी इनपुट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बेलागंज और जहानाबाद में छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। पीड़िता के बयान, एफएसएल साक्ष्य और डिजिटल सबूतों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है।

 पहले दर्ज नहीं कराना चाहती थी केस

घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित थाना लाई और प्राथमिक उपचार कराया। शुरुआत में युवती मामला दर्ज कराने को तैयार नहीं थी, लेकिन पुलिस के भरोसे के बाद FIR दर्ज की गई।

स्पीडी ट्रायल की तैयारी

एसएसपी ने कहा कि सभी आरोपियों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाकर कड़ी सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही, इस मामले को तेजी से सुलझाने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की अनुशंसा भी की जाएगी।