धनबाद में हाईवोल्टेज ड्रामा: नशे में धुत युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से की मारपीट, वर्दी फाड़ी, FIR जेल

धनबाद में ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान नशे में धुत युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से मारपीट, गाली-गलौज और वर्दी फाड़ने की घटना को अंजाम दिया। बैंक मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। FIR में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी देने समेत कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।

धनबाद में हाईवोल्टेज ड्रामा: नशे में धुत युवकों ने ट्रैफिक पुलिस से की मारपीट, वर्दी फाड़ी, FIR जेल
नशे में धुत युवकों ने खाकी पर डाला हाथ।
  • ट्रैफिक पुलिस से मारपीट के बाद तीन आरोपी जेल

धनबाद (Threesocieties.com Desk): धनबाद में ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस के साथ बदसलूकी और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब के नशे में धुत तीन युवकों ने न सिर्फ पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज की, बल्कि धक्का-मुक्की करते हुए वर्दी तक फाड़ दी। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामा होता रहा। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें:TCS नासिक धर्मांतरण केस में बड़ा एक्शन: निदा खान 3 दिन की पुलिस हिरासत में

घटना गुरुवार देर रात धनबाद थाना क्षेत्र स्थित CMRI गेट के पास की है, जहां ट्रैफिक विभाग द्वारा ड्रंक एंड ड्राइव और एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सिटी सेंटर की ओर से आ रही टाटा पंच कार (JH10DH6065) को जांच के लिए रोकने का इशारा किया गया। आरोप है कि चालक ने वाहन तेज गति से भगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर वाहन रोक लिया।

ब्रेथ एनालाइजर में शराब की पुष्टि

पुलिस के अनुसार वाहन चालक विपुल कुमार सिंह शराब के नशे में था। मौके पर ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट किए जाने पर शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने चालान और जब्ती की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन आरोपी भड़क गया और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा। FIR के मुताबिक आरोपी लगातार पुलिसवालों को धमकी दे रहा था और कह रहा था कि “वर्दी उतरवा देंगे।” इतना ही नहीं, उसने फोन कर अपने दो परिचितों को भी मौके पर बुला लिया। कुछ देर बाद अनिमेष कुमार सिंह और अनिल कुमार सिंह दूसरी कार से वहां पहुंचे और तीनों ने मिलकर पुलिस टीम के साथ अभद्रता शुरू कर दी।

थाना परिसर में भी काटा हंगामा

पुलिस टीम जब वाहन जब्त कर यातायात थाना पहुंची तो वहां भी हंगामा जारी रहा। FIR के अनुसार आरोपियों ने जब्ती सूची छीनकर फाड़ दी और जब्त वाहन लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई।परिचारी प्रवर राकेश कुमार दुबे ने FIR में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी, नेम प्लेट तोड़ दी और कंधे पर लगे बैज को भी नोचने की कोशिश की। घटना में उन्हें छाती, कंधे और हाथ में चोटें भी आईं।

बैंक मैनेजर और होटल कारोबारी निकले आरोपी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपुल कुमार सिंह, अनिमेष कुमार सिंह और अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विपुल एक निजी बैंक में मैनेजर हैं, जबकि अनिमेष होटल व्यवसाय से जुड़े हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी देने, गाली-गलौज करने और सरकारी दस्तावेज फाड़ने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

जेल जाते वक्त मांगी माफी

इधर, जेल भेजे जाने के दौरान आरोपी अनिमेष कुमार सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी। हालांकि पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। धनबाद पुलिस ने साफ किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।