Advertisement

नई दिल्ली। वर्ल्ड कप 2023 के अपने पहले मैच में इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को छह विकेट से हरा दिया। विराट कोहली और केएल राहुल ने मुश्किल हालात में शानदार पारी खेली। कंगारू टीम से मिले 200 रन के टारगेट को इंडियन टीम ने चार विकेट खोकर 41.2 ओवर में हासिल किया। टीम की ओर से केएल राहुल ने शानदार बैटिंग करते हुए 97 रन की नाबाद पारी खेली।वहीं विराट कोहली ने 85 रनों का योगदान दिया।

ADVERTISEMENT

यह भी पढ़ें:Israel- Hamas War : हमास के हमले में छह सौ इजरायली की मौत, इजरायल ने मार गिराये 400 आतंकी

टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही
200 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। मिचेल स्टार्क ने पहले ही ओवर में ईशान किशन को गोल्डन डक पर पवेलियन की राह दिखाई। दूसरे ओवर में कप्तान रोहित शर्मा भी बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। श्रेयस अय्यर को भी हेजलवुड ने शून्य पर चलता किया। दो रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवाकर टीम इंडिया मुश्किल में थी। इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 165 रन की पार्टनरशीप की। कोहली 116 बॉल में 85 रन बनाकर आउट हुए। विराट ने छह चौके जमाये। वही, केएल राहुल 115 बॉल में 97 रन बनाकर नाबाद रहे। राहुल ने सिक्स लगाकर इंडियन टीम को वर्ल्ड कप 2023 की पहली जीत दिलाई।
जडेजा-कुलदीप का चला जादू
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी कंगारू टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जसप्रीत बुमराह ने मिचेल मार्श को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। दूसरे विकेट के लिए इसके बाद स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर ने 69 रन की पार्टनरशीप खेला। वॉर्नर को कुलदीप ने 41 के स्कोर पर चलता किया। इसके बाद रविंद्र जडेजा ने अपना जादू बिखेरा और दो ओवर के अंदर स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन और एलेक्स कैरी को पवेलियन की राह दिखा दी। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 199 रन बनाकर ऑलआउट हुई। जडेजा ने तीन और कुलदीप ने दो विकेट झटके।