झारखंड:सावन मेले से पहले बड़ा प्रस्ताव: बैद्यनाथधाम के लिए अलग पुलिस बटालियन बने, गर्भगृह से हो LIVE दर्शन

देवघर में आगामी सावन-भादो मेले को लेकर बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ मंदिरों की व्यवस्था बदलने की मांग उठी है। अलग पुलिस बटालियन, AI आधारित भीड़ नियंत्रण, VIP गेट पर शौचालय और गर्भगृह से LIVE दर्शन का प्रस्ताव मंत्री के सामने रखा गया।

झारखंड:सावन मेले से पहले बड़ा प्रस्ताव: बैद्यनाथधाम के लिए अलग पुलिस बटालियन बने, गर्भगृह से हो LIVE दर्शन
बैद्यनाथधाम में AI तकनीक, LIVE दर्शन और नई व्यवस्था का प्रस्ताव।

बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ मंदिरों के लिए अलग पुलिस बटालियन बनाने की मांग
• भीड़ नियंत्रण के लिए AI तकनीक और होल्डिंग प्वाइंट बनाने का सुझाव
• VIP गेट के पास शौचालय और गर्भगृह से LIVE दर्शन की व्यवस्था का प्रस्ताव

देवघर(Threesocieties.com Desk): आगामी सावन-भादो मेले को लेकर बाबा नगरी देवघर में मंदिर व्यवस्था को पूरी तरह बदलने की मांग उठने लगी है। सोमवार को प्रस्तावित मंदिर साइन बोर्ड की बैठक से पहले मणिशंकर ने नगर विकास एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ मंदिर में व्यापक बदलाव का सुझाव दिया।

यह भी पढ़ें: बिहार का बेटा बना देश का नंबर-1: गया के शुभम ने JEE Advanced में रचा इतिहास, AIR-1 से चमका राज्य का नाम

उन्होंने कहा कि हर वर्ष सावन मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं, लेकिन बढ़ती भीड़ के कारण सुरक्षा, सुविधा और प्रबंधन सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। इसी को देखते हुए तिरुपति समेत अन्य बड़े धार्मिक स्थलों की तर्ज पर बैद्यनाथधाम और बासुकीनाथ मंदिरों के लिए अलग पुलिस बटालियन गठित की जानी चाहिए।

भीड़ नियंत्रण के लिए AI तकनीक लागू करने का सुझाव

मणिशंकर ने सुझाव दिया कि मंदिर परिसर और आसपास होल्डिंग प्वाइंट बनाए जाएं तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित भीड़ नियंत्रण तकनीक लागू की जाए। उनका कहना है कि इससे भीड़ प्रबंधन बेहतर होगा और पॉकेटमारी, चोरी और अन्य अपराधों पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अलग पुलिस बटालियन में ऐसे जवानों की भर्ती हो जो एनडीआरएफ जैसी एजेंसियों से भीड़ नियंत्रण का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हों।

VIP गेट के पास शौचालय और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधा की मांग

सावन मेले में श्रद्धालुओं को कई-कई घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। इसे देखते हुए VIP गेट के आसपास शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई बार बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे परेशान हो जाते हैं, इसलिए बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है।

बाह्य अरघा बदलने और गंगाजल व्यवस्था में बदलाव का सुझाव

मणिशंकर ने बाह्य अरघा के वर्तमान स्थान में बदलाव का भी सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इसे बगुला मंदिर के धरना स्थल के पास स्थापित किया जा सकता है, जिससे भीड़ का दबाव कम किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने पहले इस्तेमाल किए गए महिला गेट से पाइपलाइन के जरिए गंगाजल मुख्य अरघा तक पहुंचाने का सुझाव भी मंत्री के सामने रखा।

गर्भगृह से LIVE दर्शन कराने का प्रस्ताव

श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सबसे महत्वपूर्ण सुझाव गर्भगृह से LIVE दर्शन की व्यवस्था को लेकर दिया गया। प्रस्ताव के अनुसार, अरघा के सामने बड़ी स्क्रीन लगाकर गर्भगृह के अंदर से भोलेनाथ के LIVE दर्शन कराए जा सकते हैं। इससे लंबी कतार में लगे श्रद्धालुओं को भी दर्शन का अनुभव मिल सकेगा और भीड़ का दबाव कम हो सकता है। अब देखना यह होगा कि सावन-भादो मेले से पहले इन सुझावों पर सरकार और प्रशासन कितना अमल करता है।