झारखंड: हजारीबाग दुष्कर्म मर्डर मामले में पुलिस रेस, DGP ने गठित की SIT, एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट

हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या मामले में झारखंड DGP तदाशा मिश्रा ने SIT का गठन किया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, जबकि घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया है।

झारखंड: हजारीबाग दुष्कर्म मर्डर मामले में पुलिस रेस, DGP ने गठित की SIT, एक सप्ताह में देनी होगी रिपोर्ट
डीजीपी तदाशा मिश्रा। (फाइल फोटो)।

रांची (Threesocieties.com Desk)): झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची के साथ अपहरण, दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य वारदात के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है।

यह भी पढ़ें: “एक अफसर, तीन ताज! झारखंड में ‘पावर’ पर सवाल—हाईकोर्ट पहुंचा IAS के. श्रीनिवासन का मामला”

घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इस टीम को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि वह एक सप्ताह के भीतर जांच की प्रगति रिपोर्ट सौंपे और अब तक की गई कार्रवाई का पूरा विवरण प्रस्तुत करे।

SIT टीम में कौन-कौन शामिल

गठित SIT का नेतृत्व हजारीबाग में पदस्थापित प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी नागरगोजे शुभम भाउसाहेब कर रहे हैं। उनके साथ विष्णुगढ़ के एसडीपीओ बैजनाथ प्रसाद और थाना प्रभारी सह कांड के अनुसंधानकर्ता सपन महथा को शामिल किया गया है।

क्या है पूरा मामला

बताया जा रहा है कि 24 मार्च को 12 वर्षीय बच्ची अपनी मां के साथ मंगला जुलूस देखने गई थी। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिवार द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन 25 मार्च को बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक आशंका के मुताबिक, बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में भारी गुस्सा है। लोगों ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। कई संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस भी सतर्क है और लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

 पुलिस पर बढ़ा दबाव

इस मामले ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी निगाहें SIT जांच पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस मामले का खुलासा होता है और दोषियों को सजा मिलती है।

30 मार्च को हजारीबाग बंद करेगी भाजपा, कांग्रेस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा है कि हजारीबाग में हुई दुष्कर्म और हत्या की घटना के विरोध में 30 मार्च को बंद का आयोजन पार्टी करेगी। प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता कर उन्होंने राज्य सरकार को कानून व्यवस्था के मामले में फेल बताया। आदित्य साहू ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही वे पार्टी के जनप्रतिनिधियों के साथ पीड़िता के गांव गए। जो जानकारी मिली, वह पूरी तरह रोंगटे खड़ा करने वाली और हृदय विदारक है।

आदित्य साहू ने कहा कि राज्य की पुलिस केवल वसूली में लगी है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे में अपराधी नहीं पकड़े गए तो 29 मार्च को हजारीबाग के सभी प्रखंडों में भाजपा कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालकर विरोध दर्ज करेंगे। 30 को पूरा हजारीबाग बंद करेंगे। साथ ही पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर पार्टी की महिला मोर्चा की सदस्य धरना प्रदर्शन करेंगी।

कांग्रेस की मांग, दोषियों को शीघ्र मिले सजा
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म एवं हत्या की घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आज पूरा राज्य इस जघन्य अपराध से स्तब्ध और चिंतित है। घटना के कई दिनों बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना स्वाभाविक रूप से पीड़ित परिवार एवं स्थानीय लोगों में असुरक्षा और बेचैनी पैदा कर रहा है। इस स्थिति को देखते हुए झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इस मामले में गंभीर चिंता व्यक्त की है।

कमलेश ने कहा कि राज्य की हर बेटी की सुरक्षा हम सभी की मांगे सामूहिक जिम्मेदारी है।  हमें भरोसा है कि राज्य सरकार इस मामले को प्राथमिकता के साथ लेते हुए जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करेगी। केशव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में सरकार के साथ रचनात्मक सहयोग करेगी। मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय सुनिश्चित होने तक हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।