झारखंड: गिरिडीह में वोटिंग के बाद हिंसा: वार्ड-16 में चली गोलियां, SIT जांच शुरू, टाउन थाना प्रभारी हटाये गये

गिरिडीह नगर निगम चुनाव के बाद वार्ड-16 में हिंसक झड़प और गोलीबारी, दो घायल। SIT जांच शुरू, थाना प्रभारी हटाए गए, इलाके में तनाव और पुलिस तैनात।

झारखंड: गिरिडीह में वोटिंग के बाद हिंसा: वार्ड-16 में चली गोलियां, SIT जांच शुरू, टाउन थाना प्रभारी हटाये गये
रतन कुमार सिंह बने नये थानेदार।

गिरिडीह (Threesocieties.com Desk)। नगर निगम चुनाव के बाद गिरिडीह के वार्ड नंबर 16 में हुई हिंसक झड़प और गोलीबारी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मतदान समाप्त होने के बाद भड़की इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत कड़ा एक्शन लेते हुए मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है। साथ ही लापरवाही के आरोप में नगर थाना प्रभारी को भी हटा दिया गया है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: 1.58 लाख करोड़ का ‘अबुआ दिशोम बजट’: 100 एक्सीलेंस स्कूल, 750 दवाखाना, महिलाओं-किसानों पर फोकस

मतदान के बाद भड़की हिंसा, चली गोलियां

सोमवार को मतदान के दौरान वार्ड नंबर 18 में मामूली विवाद हुआ था, जिसे पुलिस ने तत्काल शांत करा दिया था। लेकिन शाम होते-होते यह विवाद फिर से भड़क उठा और वार्ड नंबर 16 में हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि गोलीबारी शुरू हो गई। इस दौरान दो लोग घायल हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

 SIT गठित, आरोपियों की तलाश तेज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में SIT का गठन किया है। टीम में एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव और डीएसपी कौशर अली को भी शामिल किया गया है। SIT ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

 IG पहुंचे मौके पर, थाना प्रभारी पर गिरी गाज, रतन कुमार बने नये थानेदार

घटना की सूचना मिलते ही आईजी सुनील भास्कर तुरंत गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। जांच में लापरवाही सामने आने पर नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। उनकी जगह रतन कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सड़क पर उतरे लोग, देर रात तक जाम

गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। राजू खान के नेतृत्व में लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने शिवम और उसके समर्थकों पर घटना का आरोप लगाया। देर रात तक चला जाम अधिकारियों के आश्वासन और कार्रवाई के भरोसे के बाद हटाया गया।

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन लगातार निगरानी रखी जा रही है।