एमपी ढुलू महतो की पहल रंग लाई: धनबाद से दक्षिण भारत तक दौड़ेगी नई अमृत भारत ट्रेन, 11 मार्च को उद्घाटन
धनबाद से दक्षिण भारत के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन 11 मार्च को तिरुचिरापल्ली से शुरू होगी। पोत्तनूर-धनबाद के बीच चलने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। जानें रूट, नंबर और पूरी जानकारी।
- पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस को तिरुचिरापल्ली से दिखाई जायेगी हरी झंडी
- 48 दिनों में धनबाद को मिली तीसरी नई ट्रेन
धनबाद (Threesocieties.com Desk)। धनबाद से दक्षिण भारत के लिए रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो की पहल का असर अब दिखने लगा है। धनबाद को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्घाटन अब 11 मार्च को किया जायेगा।
यह भी पढ़ें: कोयला सिंडिकेट पर ED का बड़ा वार: धनबाद के कारोबारी LB सिंह फिर तलब, 9 मार्च को होगी पूछताछ

पहले इस ट्रेन का उद्घाटन एक मार्च को प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब इसका उद्घाटन तिरुचिरापल्ली रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। उद्घाटन के बाद यह ट्रेन नियमित रूप से पोत्तनूर (कोयंबटूर) से धनबाद के बीच चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने धनबाद के लिए इस नई सेवा की घोषणा करते हुए जानकारी दी थी कि यह ट्रेन पूर्वी भारत को दक्षिण भारत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

कोयंबटूर के बजाय पोत्तनूर से चलेगी ट्रेन
पहले इस ट्रेन को कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने की योजना थी, लेकिन अब इसे पोत्तनूर-धनबाद के बीच चलाया जायेगा। पोत्तनूर, कोयंबटूर शहर का वैकल्पिक रेलवे स्टेशन है और दक्षिण भारत के कई प्रमुख शहरों के लिए एक महत्वपूर्ण जंक्शन माना जाता है। यही कारण है कि रेलवे ने यहां से ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
एक्सप्रेस बनकर चलेगी ट्रेन, जारी हुए नंबर
रेलवे ने इस ट्रेन को सुपरफास्ट के बजाय एक्सप्रेस श्रेणी में चलाने का निर्णय लिया है।
16619 – पोत्तनूर से धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस
16620 – धनबाद से पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस
ट्रेन के संभावित रूट को लेकर अभी अंतिम घोषणा नहीं हुई है। हालांकि यह संभावना जताई जा रही है कि ट्रेन धनबाद से गोमो, गया और डीडीयू (पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन) होकर चलेगी। वहीं दूसरा विकल्प बोकारो और रांची रूट भी हो सकता है। रेलवे जल्द ही आधिकारिक रूट की घोषणा करेगा।
48 दिनों में धनबाद को मिली तीसरी नई ट्रेन
जनवरी से मार्च के बीच 48 दिनों के अंदर धनबाद को तीन नई ट्रेनें मिलना इस क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
18 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी।
24 फरवरी को भोपाल से धनबाद के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की गई।
अब पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होने जा रही है।
इनमें धनबाद–भोपाल और धनबाद–पोत्तनूर ट्रेनें सीधे धनबाद से चलेंगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों को मिलेगा फायदा
नई अमृत भारत ट्रेन के शुरू होने से धनबाद और आसपास के जिलों के लोगों को तमिलनाडु और दक्षिण भारत के शहरों तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल जायेगी। कोयला नगरी धनबाद से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए दक्षिण भारत जाते हैं। अब इस नई ट्रेन के शुरू होने से उनकी यात्रा पहले से ज्यादा आसान हो जाएगी।






