धनबाद में ACB का बड़ा एक्शन: आय से अधिक संपत्ति केस में रिटायर्ड ASI लालेश्वर सिंह गिरफ्तार

धनबाद में ACB की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में रिटायर्ड ASI लालेश्वर सिंह गिरफ्तार। 2023 से चल रही जांच में मिले पुख्ता सबूत।

धनबाद में ACB का बड़ा एक्शन: आय से अधिक संपत्ति केस में रिटायर्ड ASI लालेश्वर सिंह गिरफ्तार
कई वर्षों से चल रही है जांच।
  • गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत

धनबाद (Threesocieties.com Desk: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की धनबाद इकाई ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति के मामले में पुलिस के एक सेवानिवृत्त एएसआई को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालेश्वर सिंह (63 वर्ष) के रूप में हुई है। 

यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया में महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए बड़ी पहल: मारवाड़ी युवा मंच ने लगाया फ्री HPV जांच शिविर

एसीबी के अनुसार, लालेश्वर सिंहके खिलाफ साल 2023 में मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान पद का दुरुपयोग कर अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से करीब 330 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की। सोमवार को ACB की धनबाद इकाई ने पुलिस लाइन के समीप एक्स कोल बोर्ड कॉलोनी स्थित आवास पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और शुगर लेवल बढ़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 330% ज्यादा संपत्ति का खुलासा

ACB की जांच में सामने आया कि लालेश्वर सिंह ने अपने सेवाकाल के दौरान पद का दुरुपयोग करते हुए भारी संपत्ति अर्जित की। उनके खिलाफ 4 जनवरी 2023 को धनबाद ACB थाना कांड संख्या 01/23 के तहत मामला दर्ज किया गया था। लंबे समय तक चली जांच में उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश का गहन विश्लेषण किया गया। जांच में मिले ठोस साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि उनकी संपत्ति उनकी वैध आय से कई गुना अधिक है।

अग्रिम जमानत याचिका हो चुकी थी खारिज

मामला दर्ज होने के बाद लालेश्वर सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन 13 जून 2024 को अदालत ने ACB द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों को पर्याप्त मानते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद से ही ACB की टीम उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी और अंततः सोमवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद बिगड़ी तबीयत

गिरफ्तारी के तुरंत बाद लालेश्वर सिंह का शुगर लेवल अचानक बढ़ गया। मेडिकल जांच के लिए उन्हें SNMMCH धनबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती कर लिया। कोर्ट के आदेश के अनुसार स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें जेल भेजा जायेगा।

 कई जिलों में रह चुके हैं पदस्थापित

लालेश्वर सिंह मूल रूप से पूर्वी चंपारण के कृष्णा नगर के रहने वाले हैं। वे धनबाद रेल पुलिस में एएसआई पद पर तैनात रहे और कुछ वर्ष पहले सेवानिवृत्त हुए थे। इसके अलावा वे जामताड़ा और गोड्डा जिले में भी सिपाही और एएसआई के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। लालेश्वर सिंहबतौर पुलिस कांस्टेबल पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रो. रीता वर्मा के अंगरक्षक भी रह चुके हैं।

भ्रष्टाचार पर सख्ती का संदेश

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी पहल माना जा रहा है। एसीबी की इस कार्रवाई से साफ संकेत है कि आय से अधिक संपत्ति के मामलों में अब सख्त कार्रवाई की जाएगी, चाहे आरोपी सेवानिवृत्त ही क्यों न हो।