धनबाद में BCCL की मुनीडीह कोल वाशरी में बड़ा हादसा: स्लरी में दबकर 4 दिहाड़ी मजदूरों की मौत, 3 शव बरामद
धनबाद के मुनीडीह स्थित BCCL कोल वाशरी में बड़ा हादसा हुआ। स्लरी लोडिंग के दौरान मलबा ढहने से 4 दिहाड़ी मजदूर दब गए, जिनमें 3 शव बरामद हो चुके हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के धनबाद जिले के मुनीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत संचालित बीसीसीएल (BCCL) की कोल वाशरी में शनिवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। ट्रक में स्लरी (कोयला पाउडर) लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबा और स्लरी गिरने से कई दिहाड़ी मजदूर उसके नीचे दब गए। इस दर्दनाक हादसे में चार मजदूरों की मौत की आशंका है, जबकि अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद पुलिस लाइन हुआ हाईटेक: आधुनिक शास्त्रगार व आर्मूरी भवन का उद्घाटन
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर रोज की तरह स्लरी लोडिंग के काम में जुटे थे, तभी अचानक ऊपर जमा कोयले की स्लरी और मलबा ढह गया। मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वे उसके नीचे दब गए।
शाम 5 बजे हुआ हादसा, राहत कार्य युद्धस्तर पर
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे मुनीडीह कोल वाशरी प्रोजेक्ट में यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुनीडीह ओपी पुलिस, सीआईएसएफ (CISF) की टीम, बीसीसीएल प्रबंधन और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर दबे हुए मजदूरों को निकालने का प्रयास लगातार जारी है। अब तक तीन शव बाहर निकाले जा चुके हैं, जबकि एक अन्य मजदूर के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
दिहाड़ी मजदूरों की मौत से गुस्से में ग्रामीण
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोल वाशरी में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती रही है। ठेका मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम के खतरनाक काम कराया जाता है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं बार-बार सामने आती हैं। मृतकों की पहचान को लेकर प्रशासन जुटा हुआ है। परिजनों के पहुंचने के बाद स्थिति और भावुक हो गई। पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
प्रशासन की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
फिलहाल जिला प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि प्रारंभिक जानकारी में चार मजदूरों के दबने और तीन शव बरामद होने की पुष्टि स्थानीय स्तर पर की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर कोयला क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
सवालों के घेरे में BCCL प्रबंधन
धनबाद को देश की कोयला राजधानी कहा जाता है, लेकिन यहां खदानों और वाशरी क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। मुनीडीह का यह हादसा भी इसी लापरवाही की एक बड़ी तस्वीर बनकर सामने आया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और मृतकों के परिजनों को क्या मुआवजा दिया जाता है।
Threesocieties.com पर पढ़ते रहिए धनबाद, झारखंड और देश-दुनिया की बड़ी खबरें।






