रांची में SSP का बड़ा एक्शन: कांके थानेदार प्रकाश रजक सस्पेंड, राजधानी के 5 थानों में नये प्रभारी की पोस्टिंग

रांची में SSP राकेश रंजन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को निलंबित कर दिया। जमीन माफियाओं से साठगांठ और बढ़ते अपराध के आरोपों के बीच राजधानी के पांच थानों में नए थाना प्रभारी की पोस्टिंग की गई।

रांची में SSP का बड़ा एक्शन: कांके थानेदार प्रकाश रजक सस्पेंड, राजधानी के 5 थानों में नये प्रभारी की पोस्टिंग
रांची SSP राकेश रंजन (फाइल फोटो)।

रांची (Threesocieties.com Desk): राजधानी रांची में पुलिस विभाग में मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक एक्शन देखने को मिला। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने पुलिस इंस्पेक्टर सह कांके थाना प्रभारी प्रकाश रजक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन पर जमीन माफियाओं से साठगांठ और क्षेत्र में बढ़ते अपराध को रोकने में विफल रहने के गंभीर आरोप लगे हैं।

यह भी पढ़ें: रांची टीटोस मर्डर केस का खुलासा: प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा गैंग ने मिलकर कराई हत्या,चार शूटर गिरफ्तार

राजधानी के पांच थानों में नया प्रभारी

इस कार्रवाई के साथ ही एसएसपी राकेश रंजन ने राजधानी के कई थानों में बड़ा फेरबदल करते हुए नए थाना प्रभारी की नियुक्ति की है।

नई पोस्टिंग इस प्रकार है:

पुलिस इंस्पेक्टर कुणाल कुमार – थाना प्रभारी, कांके

पुलिस इंस्पेक्टर नितिन कुमार – थाना प्रभारी, डेली मार्केट

पुलिस इंस्पेक्टर सनोज चौधरी – थाना प्रभारी, कोतवाली

पुलिस इंस्पेक्टर लव कुमार सिंह – थाना प्रभारी, लोअर बाजार

पुलिस इंस्पेक्टरअरुण महथा – थाना प्रभारी, धुर्वा

कानून व्यवस्था सुधारने का संदेश

पुलिस मुख्यालय के सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई राजधानी में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस प्रशासन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। एसएसपी का यह सख्त कदम साफ संकेत देता है कि अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

कांके थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं में वृद्धि

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से कांके थाना क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हो रही थी, जिसके कारण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। लगातार मिल रही शिकायतों और जांच के बाद एसएसपी ने यह कड़ा कदम उठाया।

जमीन कारोबारियों से साठगांठ के आरोप

सूत्रों के मुताबिक, निलंबित थाना प्रभारी प्रकाश रजक पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कुछ जमीन कारोबारियों के साथ सांठगांठ की और उन्हें अनुचित लाभ पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने भी उनके खिलाफ भ्रष्टाचार और पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए थे। इन शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू हुई और प्रारंभिक तथ्यों के सामने आने के बाद एसएसपी ने उन्हें निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

बढ़ते अपराध से पुलिस पर उठे सवाल

कांके क्षेत्र में हाल के दिनों में कई गंभीर घटनाएं सामने आई थीं।

सुकुरहुट्टू गांव में घर में घुसकर फायरिंग की घटना

बोड़ेया स्थित राजकीयकृत उच्च विद्यालय में चोरी और तोड़फोड़

इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल था और पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी बढ़ रही थी।

हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला

मामला उस समय और गंभीर हो गया जब एक आदिवासी महिला ने थाना प्रभारी के खिलाफ झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर कर दी। महिला ने न्याय की गुहार लगाते हुए पुलिस अधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए थे।इस पूरे प्रकरण ने पुलिस प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया था, जिसके बाद एसएसपी ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्रकाश रजक को निलंबित कर दिया।