Coal India में यूनिफार्म घोटाले पर बड़ा एक्शन : फर्जी बिल लगाने वाले कर्मचारियों-वेंडरों पर गिरेगी गाज

Coal India ने यूनिफार्म खरीद में फर्जी GST बिल, एडवांस दुरुपयोग और अनियमितताओं पर सख्ती बढ़ा दी है। BCCL, ECL और CCL समेत कई कंपनियों में जांच के बाद कड़ी अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई का सर्कुलर जारी किया गया है।

Coal India में यूनिफार्म घोटाले पर बड़ा एक्शन : फर्जी बिल लगाने वाले कर्मचारियों-वेंडरों पर गिरेगी गाज
यूनिफार्म खरीद में फर्जी बिलों पर कसा शिकंजा ।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): देश की सबसे बड़ी कोयला कंपनी Coal India Limited (CIL) ने यूनिफार्म खरीद में हो रही अनियमितताओं, फर्जी GST बिलों और एडवांस राशि के दुरुपयोग पर सख्त रुख अपनाया है। कंपनी की ओर से जारी ताजा सर्कुलर के बाद बीसीसीएल समेत उसकी सभी अनुषंगी कंपनियों में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें: धनबाद: बीसीसीएल सीएमडी आवास के समीप खुला सेवा का पनशाला केंद्र,दीक्षा महिला मंडल की अनोखी पहल

सूत्रों के अनुसार Coal India प्रबंधन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ कर्मचारी और वेंडर मिलकर यूनिफार्म खरीद के नाम पर फर्जी बिल लगाकर एडवांस राशि का दुरुपयोग कर रहे हैं। शिकायतों के बाद बीसीसीएल, ईसीएल, सीसीएल सहित कई कंपनियों में गुप्त जांच कराई गई, जिसमें बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां सामने आईं।

जांच में क्या-क्या सामने आया

जांच में पता चला कि कई कर्मचारी निर्धारित संख्या में यूनिफार्म खरीदने के बजाय केवल एक जोड़ी कपड़ा खरीद रहे थे और बाकी रकम के लिए बढ़े हुए या फर्जी GST बिल जमा कर रहे थे। कुछ मामलों में बिना यूनिफार्म खरीदे ही फर्जी GST इनवायस लगाकर एडवांस राशि को नियमित करा लिया गया। वहीं कई वेंडरों पर बिना सामान दिए “एकोमोडेशन बिल” जारी करने का आरोप भी सामने आया है। Coal India प्रबंधन ने इन मामलों को गंभीर वित्तीय अनियमितता और कदाचार मानते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

सालाना 12,500 रुपये का मिलता है एडवांस

Coal India के नियमों के अनुसार कर्मचारियों को हर साल यूनिफार्म खरीद के लिए लगभग 12,500 रुपये का अग्रिम भुगतान किया जाता है। इसके बदले कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफार्म खरीदकर असली GST बिल जमा करना अनिवार्य होता है। लेकिन जांच में सामने आया कि कई जगह इस प्रक्रिया का दुरुपयोग कर फर्जी बिलों के जरिए राशि समायोजित की जा रही थी।

अब होगी विभागीय और कानूनी कार्रवाई

नौ मई को जारी सर्कुलर में Coal India ने स्पष्ट कहा है कि भविष्य में फर्जी GST बिल, नकली इनवायस, गलत खरीद विवरण या एडवांस राशि के दुरुपयोग के मामलों में संबंधित कर्मचारियों और वेंडरों पर विभागीय कार्रवाई के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।बीसीसीएल प्रबंधन ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने और बिल सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत करने का निर्देश दिया है।

वेंडरों पर भी रहेगी नजर

सूत्रों का कहना है कि अब Coal India समूह की कंपनियां यूनिफार्म सप्लायर और वेंडरों की भी निगरानी करेंगी। जिन दुकानदारों या सप्लायरों के खिलाफ फर्जी बिल जारी करने के प्रमाण मिलेंगे, उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। कंपनी का मानना है कि इस सख्ती से यूनिफार्म खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकारी धन के दुरुपयोग पर रोक लगेगी।