NEET UG 2026 रद्द: 22 लाख छात्रों पर संकट, पेपर लीक की जांच अब CBI के हवाले,दोबारा एग्जाम की तैयारी शुरू

NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई है। 22.79 लाख छात्रों पर असर पड़ा है। केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है। जानिए NTA का पूरा फैसला, पेपर लीक नेटवर्क और दोबारा परीक्षा से जुड़ी हर बड़ी जानकारी।

NEET UG 2026 रद्द: 22 लाख छात्रों पर संकट, पेपर लीक की जांच अब CBI के हवाले,दोबारा एग्जाम की तैयारी शुरू
सीबीआई जांच में खुलेगा पेपर लीक का राज।
  •  600 नंबर के सवाल पहले ही पहुंच गए थे छात्रों तक
  • राजस्थान से देहरादून तक फैला पेपर लीक नेटवर्क, 15 हिरासत में
  • 23 लाख छात्रों का भविष्य अधर में! 
  • सात साल में कई विवादों के बाद अब पूरी NEET परीक्षा रद्द

नई दिल्ली (Threesocieties.com Desk) : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मामले की जांच CBI को सौंप दी है।

यह भी पढ़ें: नेपाल सरकार का बड़ा फैसला: अब नेपाल जाना हुआ मुश्किल! बिना ID बॉर्डर पार नहीं, बच्चों पर भी सख्ती

इस फैसले के बाद देशभर के करीब 22.79 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी चिंता का माहौल है। NTA ने कहा है कि परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी, लेकिन नई तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।

पेपर लीक के आरोपों ने हिलाई परीक्षा व्यवस्था

जांच एजेंसियों को मिले शुरुआती इनपुट में सामने आया है कि परीक्षा से पहले ही कई छात्रों तक प्रश्नों का सेट पहुंच गया था। राजस्थान, उत्तराखंड और अन्य राज्यों में मिले कथित “क्वेश्चन बैंक” में 300 से अधिक सवाल थे, जिनमें से करीब 150 सवाल असली NEET पेपर से हूबहू मैच कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि यह पूरा नेटवर्क राजस्थान के जयपुर, सीकर और झुंझुनूं से संचालित हो रहा था। राजस्थान SOG ने देहरादून समेत कई स्थानों पर छापेमारी कर 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, परीक्षा के 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल दो दिन पहले ही कुछ छात्रों तक पहुंच चुके थे। इस मामले में करोड़ों रुपए के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।

CBI करेगी पूरे मामले की जांच

भारत सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच CBI को सौंप दी है। NTA ने कहा है कि वह जांच एजेंसियों को सभी रिकॉर्ड, डेटा और तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएगी। एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ था और इसमें कौन-कौन शामिल थे।

छात्रों को दोबारा नहीं करना होगा रजिस्ट्रेशन

NTA ने छात्रों को राहत देते हुए कहा है कि:

दोबारा परीक्षा के लिए नया रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा
परीक्षा केंद्र पहले वाले ही रहेंगे
नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे
जमा परीक्षा शुल्क वापस किया जाएगा
नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित होगी

NTA ने हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 / 011-69227700 और ई-मेल neet-ug@nta.ac.in  भी जारी किया है।

दिल्ली समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन

NEET परीक्षा रद्द होने के बाद कई छात्र संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। दिल्ली में NSUI कार्यकर्ताओं ने NTA और केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। छात्रों का कहना है कि लाखों युवाओं की मेहनत और मानसिक दबाव को देखते हुए परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

2024 में भी हुआ था विवाद

यह पहला मौका नहीं है जब NEET परीक्षा विवादों में आई हो। 2024 में भी पेपर लीक और ग्रेस मार्क्स को लेकर देशभर में बवाल मचा था। उस समय सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द करने से इनकार कर दिया था, लेकिन कुछ केंद्रों पर दोबारा परीक्षा कराई गई थी।अब 2026 में पूरे एग्जाम को रद्द किए जाने से NTA की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

NTA के 7 साल और लगातार विवाद

NTA की परीक्षाओं पर पिछले कुछ वर्षों में कई गंभीर आरोप लगे हैं।

2019 में NEET में एक सवाल के कई सही जवाब
2020 में फर्जी कैंडिडेट बैठाने का मामला
गलत मार्किंग से छात्रा की आत्महत्या
ST टॉपर को फेल दिखाने का आरोप
JEE परीक्षा में तकनीकी गड़बड़ियां
2024 और 2026 में पेपर लीक विवाद

इन घटनाओं ने देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

छात्रों और अभिभावकों में बढ़ी चिंता

परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों में तनाव बढ़ गया है। कई छात्रों ने महीनों की तैयारी के बाद परीक्षा दी थी और अब उन्हें फिर से परीक्षा का सामना करना पड़ेगा। अभिभावकों का कहना है कि बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से छात्रों का मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है और सरकार को परीक्षा प्रणाली में बड़ा सुधार करना चाहिए।