धनबाद में BCCL की खदानों से संगठित कोयला लूट! अरबों के नुकसान, संसद की स्थायी समिति ने मांगा एक्शन प्लान
धनबाद कोयलांचल में बीसीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनियों से बड़े पैमाने पर कोयले की चोरी और संगठित डकैती का मामला संसदीय स्थायी समिति की गंगटोक बैठक में गूंजा। समिति अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने करोड़ों के राजस्व नुकसान, खदान सुरक्षा और पर्यावरणीय खतरे पर चिंता जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
- अनुराग ठाकुर बोले- राजस्व और सुरक्षा दोनों खतरे में
- कोयले की चोरी नहीं, अब हो रही डकैती
- गंगटोक बैठक में BCCL अधिकारियों ने खोले बड़े राज
- झरिया की आग से लेकर कोयला माफिया तक… संसदीय समिति ने जताई गहरी चिंता
धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड का कोयलांचल एक बार फिर कोयला माफियाओं की वजह से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में है। बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लिमिटेड) की आउटसोर्सिंग कंपनियों से बड़े पैमाने पर हो रही कोयले की चोरी को अब ‘संगठित डकैती’ कहा जा रहा है। मामला इतना गंभीर हो चुका है कि यह मुद्दा संसद की स्थायी समिति की बैठक तक पहुंच गया है।
यह भी पढ़ें: ED का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: झारखंड-बंगाल एक कमान में, प्रभाकर प्रभात बने ‘सुपर बॉस’
Held an informal discussion with representatives of the Ministry of Coal, Coal India Ltd. and NLC India Ltd. on the subject ‘Role of Coal and Lignite Companies towards Aatmanirbhar Bharat’.
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) May 7, 2026
Had a productive and insightful exchange focused on the critical role of coal and… pic.twitter.com/5oYV4FK6y2
गंगटोक में आयोजित कोयला, खान और इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में धनबाद और झरिया क्षेत्र में सक्रिय कोयला चोरी के नेटवर्क पर विस्तार से चर्चा हुई। समिति के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि कोयला चोरी सिर्फ कंपनियों का नुकसान नहीं, बल्कि राष्ट्र की संपत्ति पर सीधा हमला है।
आउटसोर्सिंग कंपनियों से सीधे हार्ड कोक भट्ठों तक पहुंच रहा कोयला
बैठक में मौजूद सूत्रों के मुताबिक बीसीसीएल अधिकारियों ने समिति को जानकारी दी कि धनबाद कोयलांचल में आउटसोर्सिंग परियोजनाओं से अवैध रूप से कोयला निकालकर सीधे हार्ड कोक भट्ठों और अवैध बाजारों तक पहुंचाया जा रहा है।बताया गया कि इस संगठित नेटवर्क में कई स्तरों पर सक्रिय गिरोह शामिल हैं, जो रात के अंधेरे में भारी मात्रा में कोयला निकालकर उसे ट्रकों और छोटे वाहनों के जरिए बाहर भेज देते हैं। इससे बीसीसीएल को हर साल करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अनुराग ठाकुर बोले- खदान सुरक्षा से समझौता नहीं
समिति की अध्यक्षता कर रहे अनुराग ठाकुर ने कहा कि कोयला देश की ऊर्जा जरूरतों का अहम आधार है, लेकिन चोरी और अवैध खनन की वजह से खदानों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन और चोरी की घटनाएं भूमिगत आग, भू-धंसान और दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। इसलिए राज्य सरकार, जिला प्रशासन और कोल कंपनियों को मिलकर संयुक्त रणनीति बनानी होगी। समिति ने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई का रोडमैप तैयार करने का निर्देश भी दिया।
करोड़ों के नुकसान से चिंतित कोल कंपनियां
बैठक में शामिल कोयला कंपनियों के सीएमडी ने संसदीय समिति को बताया कि कोयला चोरी की वजह से उत्पादन और राजस्व दोनों प्रभावित हो रहे हैं। बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने झरिया अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्वास और सुरक्षा कार्यों की जानकारी दी। वहीं कोल इंडिया के तकनीकी निदेशक अचूक घातक ने आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि थ्री-डी मैपिंग और ग्रीन माइनिंग जैसे उपायों से निगरानी को मजबूत किया जा सकता है।
झरिया की आग और भू-धंसान भी बना चिंता का विषय
बैठक में झरिया क्षेत्र में दशकों से जल रही भूमिगत आग और लगातार हो रहे भू-धंसान पर भी चर्चा हुई। समिति ने स्पष्ट कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मजदूरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संसदीय समिति ने कहा कि कोयला उत्पादन जरूरी है, लेकिन स्थानीय लोगों की सुरक्षा और सम्मानजनक पुनर्वास से समझौता नहीं किया जाएगा।
4 से 8 मई तक चल रहा अध्ययन दौरा
संसदीय स्थायी समिति का अध्ययन दौरा चार मई से आठ मई तक सिलीगुड़ी, गंगटोक और हैदराबाद में आयोजित किया गया है। गंगटोक में पांच से सात मई तक कोयला मंत्रालय, कोल इंडिया और उसकी अनुषंगी कंपनियों — बीसीसीएल, सीसीएल, ईसीएल और एमसीएल — के अधिकारियों के साथ बैठकें हुईं। समिति मौके पर जाकर कोयला उत्पादन, विस्थापन, मुआवजा, सुरक्षा व्यवस्था और आधारभूत ढांचे का भी जायजा ले रही है।
समिति के सदस्य
समिति के अध्यक्ष (Chairperson) लोकसभा एमपी अनुराग सिंह ठाकुर हैं। समिति में लोकसभा सदस्य:आदित्य यादव, अनंत नायक, बी. के. पार्थसारथी,भारती पारधी, विद्युत बरन महतो, धानोरकर प्रतिभा सुरेश, गोविंद मकथप्पा करजोल, हरीश चंद्र मीणा, ज्योत्सना चरणदास महंत, काली चरण सिंह, कमलेश जांगड़े, मन्ना लाल रावतराज, कुमार चब्बेवाल, डॉ. राजकुमार सांगवान, रूप कुमारी चौधरी, एस. वेंकटेशन, टी. एम. सेलवगनपति, शत्रुघ्न प्रसाद सिन्हा, सुखदेव भगत, विजय कुमार हंसदा। राज्यसभा सदस्य :आदित्य प्रसाद, अनिल कुमार यादव मंदादि, दीपक प्रकाश, देवेंद्र प्रताप सिंह, महुआ माजी, प्रदीप कुमार वर्मा, मिलिंद मुरली देवड़ा, सरफराज अहमद, सज्जाद अहमद किचलू। हैं
बैठक में ये अधिकारी और सांसद रहे मौजूद
बैठक में 28 सांसदों के अलावा ईसीएल के सीएमडी सतीश चंद्र झा, सीसीएल के सीएमडी एनके सिंह, बीसीसीएल के तकनीकी निदेशक संजय कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। समिति ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में कोयला चोरी रोकने के लिए बड़े स्तर पर निगरानी और कार्रवाई अभियान चलाया जा सकता है।






