धनबाद में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का बड़ा वार, हथियार सप्लायर सोनू दर्जी गिरफ्तार
धनबाद पुलिस ने वासेपुर के भगोड़े अपराधी प्रिंस खान गिरोह के हथियार सप्लायर सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम को बरवाअड्डा से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध रिवॉल्वर, पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद हुए हैं। रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में आरोपी पहले से वांछित था।
- प्रिंस खान का करीबी सोनू दर्जी रिवॉल्वर-पिस्टल संग दबोचा गया
धनबाद (Threesocieties.com Desk): वासेपुर के कुख्यात भगोड़े अपराधी प्रिंस खान और उसके नेटवर्क के खिलाफ धनबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बरवाअड्डा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गिरोह को हथियार सप्लाई करने वाले उसके करीबी गुर्गे सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: झारखंड में 42 करोड़ का वेतन घोटाला! बोकारो-हजारीबाग के 850 बैंक खाते SIT के रडार पर
पुलिस की इस कार्रवाई को धनबाद में सक्रिय रंगदारी और अपराध नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। लंबे समय से पुलिस को सोनू दर्जी की तलाश थी। वह विभिन्न व्यवसायियों, आउटसोर्सिंग कंपनियों और स्थानीय प्रतिष्ठानों से रंगदारी वसूलने के मामलों में सक्रिय था। प्रिंस खान और गोपी खान द्वारा व्यवसायियों, बीसीसीएल के ठेकेदार, आउटसोर्सिग कंपनियों के संचालकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों को डरा, धमकाकर वसूले गये पैसे को सोनू दर्जी जमीन खरीद, ब्रिकी के कारोबार में लगाता था। सोनू लगतार प्रिंस से संपर्क कर पैसा कहां लगाना है या कहां पहुंचाना है यह तय करता था। आरोप है कि प्रिंस खान का पैसा गोविंदपुर व आसपास इलाके में सोनू ने इनवेस्ट कराया है। पुलिस पूछताछ में प्रिंस खान के पैसे का जमीन में लगाये जाने की जानकारी मिली है। गैंग से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी बताया है। पुलिस अभ फिर सोनू को पूछताच के लिए रिमांड पर लेगी।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
बरवाअड्डा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोविंदपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला सोनू दर्जी संगठित अपराधियों के संपर्क में रहकर इलाके में दहशत फैलाने का काम कर रहा है। सूचना के अनुसार वह हथियारों के बल पर व्यवसायियों और अधिकारियों को धमकाकर रंगदारी की वसूली करता था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अहम जानकारियां पुलिस को दीं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार और कारतूस बरामद किए।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के पास से : एक छह चक्रीय देशी रिवॉल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस व सैमसंग कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
कई संगीन मामलों में पहले से आरोपी
सोनू दर्जी उर्फ मंजूर आलम का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ धनबाद जिले के विभिन्न थानों में डकैती, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
उस पर दर्ज प्रमुख मामलों में :
गोविंदपुर थाना कांड संख्या 170/08 – डकैती एवं हथियारबंद अपराध
बलियापुर थाना कांड संख्या 25/09 – चोरी एवं आपराधिक मामला
बलियापुर थाना कांड संख्या 24/09 – चोरी का मामला
गोविंदपुर थाना कांड संख्या 244/23 – मारपीट, धमकी और अवैध प्रवेश
बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 297/25 – बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराएं
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
इस मामले में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 79/26 दिनांक 18 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियार सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
छापेमारी टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस कार्रवाई में बरवाअड्डा थाना के पुलिस अवर निरीक्षक उमेश कुमार कश्यप, सुनील कुमार सिंह, विकास कुमार समेत रिजर्व गार्ड की टीम शामिल रही।
धनबाद में अपराध नेटवर्क पर पुलिस का दबाव बढ़ा
हाल के दिनों में धनबाद पुलिस लगातार संगठित अपराध और रंगदारी गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। खासकर वासेपुर से जुड़े अपराधियों और प्रिंस खान नेटवर्क पर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और रंगदारी गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।






