धनबाद पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया प्रिंस खान, SSP को दी धमकी बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत से मांगी हाईलेवल जांच

वासेपुर के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान ने वीडियो जारी कर धनबाद SSP प्रभात कुमार को खुली धमकी दी है। वायरल वीडियो के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। बाबूलाल मरांडी ने CM हेमंत सोरेन से उच्चस्तरीय जांच और SSP को हटाने की मांग की है।

धनबाद पुलिस की कार्रवाई से बौखलाया प्रिंस खान, SSP को दी धमकी बाबूलाल मरांडी  ने CM हेमंत से मांगी हाईलेवल जांच
SSP प्रभात कुमार, प्रिंस खान व बाबूलाल मरांडी(फाइल फोटो)

धनबाद (Threesocieties.com Desk): झारखंड के कोयलांचल में अपराध, राजनीति और पुलिस कार्रवाई को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। वासेपुर का फरार गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में उसने धनबाद के SSP प्रभात कुमार को खुली धमकी दी है। वीडियो में उसने पुलिस प्रशासन, माइनिंग नेटवर्क और रंगदारी को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

यह भी पढ़ें: IIT-ISM धनबाद का कमाल: 120 साल पुरानी रेल सुरंगें हुईं हाईटेक, अब दौड़ेंगी हाई-कैपेसिटी मालगाड़ियां

वीडियो सामने आने के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

पुलिस कार्रवाई से बौखलाया प्रिंस खान

धनबाद पुलिस ने हाल के दिनों में प्रिंस खान गैंग के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत उसके दो सहयोगियों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया। वहीं, उसके करीबी सैयद अब्बास नकवी उर्फ सैफी उर्फ मेजर को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में सैफी ने खुलासा किया कि प्रिंस खान पहले दुबई से गैंग ऑपरेट कर रहा था, लेकिन अब वह पाकिस्तान में बैठकर नेटवर्क चला रहा है। हालांकि वायरल वीडियो में प्रिंस खान ने इस दावे को गलत बताया और कहा कि उसका किसी आतंकी संगठन से कोई संबंध नहीं है।

VIDEO में SSP पर लगाए गंभीर आरोप

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रिंस खान ने धनबाद SSP प्रभात कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा— “आप वर्दी पहनकर रंगदारी लेते हैं और हम बिना वर्दी के।” वीडियो में उसने दावा किया कि व्यापारियों को डराकर उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं। उसने यह भी आरोप लगाया कि गरीबों से अवैध कोयला खनन करवाया जा रहा है, जिससे कई लोगों की जान जा रही है।प्रिंस खान ने आगे धमकी देते हुए कहा कि “तीन AK-47 और हजार गोलियां धनबाद पहुंच चुकी हैं।” उसने SSP को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उसके खिलाफ “आतंकवादी” या “पाकिस्तान कनेक्शन” के आरोप हैं तो उसका सबूत पेश किया जाए।

“हम दुश्मनों को खत्म करने के लिए हटे हैं”

वीडियो में प्रिंस खान ने दावा किया कि वह पुलिस के डर से नहीं भागा, बल्कि अपने दुश्मनों को खत्म करने के लिए जगह बदली है। उसने यह भी कहा कि सैफी उर्फ मेजर को वह दो साल पहले ही गैंग से बाहर कर चुका था। उसने केंद्र सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की।

बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल

वीडियो वायरल होने के बाद झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो का संपादित अंश साझा किया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। मरांडी ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक अपराधी के बयान का नहीं, बल्कि राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ है। उन्होंने पूछा कि क्या राज्य का प्रशासनिक तंत्र माफियाओं के प्रभाव में काम कर रहा है? मरांडी ने SSP प्रभात कुमार को तत्काल हटाने, माइनिंग माफिया और भूमि कब्जे से जुड़े आरोपों की न्यायिक निगरानी में जांच कराने की भी मांग की।

PM मोदी, अमित शाह और ED-CBI को भी किया टैग

बाबूलाल मरांडी ने वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, गृह मंत्रालय, ED, CBI और इनकम टैक्स विभाग को भी टैग किया। उन्होंने कहा कि यदि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों में थोड़ी भी सच्चाई है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

सैफी को आसनसोल जेल भेजा गया

इधर, प्रिंस खान के करीबी सैयद अब्बास नकवी उर्फ सैफी को गुरुवार को आसनसोल पुलिस अपने साथ ले गई। कोर्ट में पेशी के बाद उसे आसनसोल जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि रिमांड के दौरान सैफी ने कई अपराधियों और प्रिंस खान गैंग से जुड़े लोगों की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस अब उसके आधार पर छापेमारी अभियान चला रही है।

प्रशासनिक हलकों में बढ़ी हलचल

वायरल वीडियो के बाद धनबाद पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस पूरे मामले में धनबाद SSP प्रभात कुमार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर बहस तेज है। हालांकि, Threesocieties.com वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।

 गैंगस्टर प्रिंस खान व गैंग के खिलाफ एनकाउंटर समेत कई बड़ी कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि  धनबाद पुलिस गैंगस्टर प्रिंस खान व गैंग के खिलाफ लगभग एक वर्ष के दौरान कई बड़ी कार्रवाई किया है। पुलिस ने गैं के दर्जनों क्रिमिनलों को अरेस्ट कर जेल भेजा है। गैंग से जुड़े क्रिमिनलों को एनकाउंटर में गोली मारी है। प्रिंस खान के नेटवर्क को काफी हद तक कमजोर कर दिया गया है। प्रिंस के आर्थिक श्रोतों पर पुसिस बड़ी चोट की है। एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में की जा रही कार्रवाई से गैंग तितर-वितर हो गया है।