धनबाद में सदर अस्पताल से शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान,4.24 लाख बच्चों को मिलेगी जीवनरक्षक खुराक

धनबाद में राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने सदर अस्पताल में बच्चों को "दो बूंद जिंदगी की" पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। जिले के 4.24 लाख से अधिक बच्चों को 1976 बूथों और घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।

धनबाद में सदर अस्पताल से शुरू हुआ पल्स पोलियो अभियान,4.24 लाख बच्चों को मिलेगी जीवनरक्षक खुराक
DDC सन्नी राज ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दवा।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): जिले में राष्ट्रव्यापी पल्स पोलियो अभियान का रविवार को भव्य शुभारंभ किया गया। सदर अस्पताल परिसर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को "दो बूंद जिंदगी की" पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की दवा पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित करें।

यह भी पढ़ें:झारखंड शराब घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, रामेश्वर उरांव, बेटे रोहित और IAS अमित प्रकाश को भेजा समन

अभियान के तहत 28 जून से 30 जून तक जिले के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक दी जाएगी। पहले दिन जिले के 1976 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को दवा पिलाएंगी जो पहले दिन किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि बरसात के बाद पोलियो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए मानसून के दौरान संभावित संक्रमण से बच्चों को बचाने के लिए इस अभियान का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पोलियो की रोकथाम के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है और अभिभावकों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने सदर अस्पताल में अगस्त्या सिन्हा, सनव, मिशिका और देवांशी सहित कई बच्चों को अपने हाथों से पोलियो की खुराक पिलाई और अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

1976 बूथ, 16 मोबाइल टीम और 392 सुपरवाइजर तैनात

सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में व्यापक तैयारी की गई है। इसके तहत 1873 स्थायी बूथ, 79 ट्रांजिट बूथ, 16 मोबाइल टीम और एक विशेष 8 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है।अभियान की निगरानी के लिए 392 सुपरवाइजर फील्ड में तैनात रहेंगे, जबकि पोलियो दवा की उपलब्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए 137 सब-डिपो बनाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि जिले का कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।

दीप प्रज्वलित कर हुआ अभियान का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद उप विकास आयुक्त ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान को औपचारिक रूप से शुरू किया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रोहित गौतम, उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ डॉ. दीपक कुमार, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, एमओआईसी डॉ. अनिता चौधरी, डीपीसी रेखा कुमारी समेत स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त धनबाद एवं पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।