RCB का फिर बजा डंका! गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार बनी IPL चैंपियन, कोहली के छक्के ने दिलाई जीत

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीत ली। विराट कोहली की नाबाद 75 रन की पारी और रसिख सलाम के 3 विकेट से RCB ने इतिहास रच दिया।

RCB का फिर बजा डंका! गुजरात को हराकर लगातार दूसरी बार बनी IPL चैंपियन, कोहली के छक्के ने दिलाई जीत
RCB लगातार दूसरी बार बनी IPL चैंपियन।

अहमदाबाद (Threesocieties.com Desk): रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए हाई-वोल्टेज फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार IPL ट्रॉफी अपने नाम कर ली। विराट कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर जीत दिलाई और 42 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद लौटे।

यह भी पढ़ें: धनबाद: झरिया में 7 जून को होगा प्रतिभाओं का महाकुंभ! मारवाड़ी युवा मंच करेगा मेधावियों का भव्य सम्मान

RCB अब लगातार दो IPL ट्रॉफी जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले केवल चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस यह उपलब्धि हासिल कर चुके थे।

गुजरात की बल्लेबाजी रही फीकी, सुंदर ने बचाई लाज

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 55 रन पर तीन बड़े विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल 10 रन, साई सुदर्शन 12 रन और निशांत सिंधु 20 रन बनाकर आउट हुए। जोस बटलर भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और 19 रन बनाकर चलते बने। हालांकि वॉशिंगटन सुंदर ने एक छोर संभालते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। निचले क्रम में अरशद खान और जेसन होल्डर ने कुछ रन जोड़े, जिससे गुजरात 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 155 रन तक पहुंच सकी।

रसिख सलाम बने गेंदबाजी के हीरो

RCB के गेंदबाजों ने फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में शानदार अनुशासन दिखाया। रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे और 27 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। जोश हेजलवुड और भुवनेश्वर कुमार ने 2-2 विकेट लिए जबकि क्रुणाल पंड्या को एक सफलता मिली। गेंदबाजों ने ऐसी लाइन-लेंथ रखी कि गुजरात के बल्लेबाज कभी खुलकर खेल नहीं सके।

कोहली-अय्यर ने रखी जीत की नींव

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 27 गेंदों में 62 रन जोड़कर मैच का रुख बदल दिया। वेंकटेश अय्यर ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि कोहली ने दूसरे छोर से पारी संभाले रखी। हालांकि देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या जल्दी आउट हो गए। इसके बाद टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन की उपयोगी पारी खेलकर कोहली का साथ दिया। अंत में जितेश शर्मा के साथ मिलकर विराट कोहली ने मैच खत्म किया और विजयी छक्का लगाकर करोड़ों RCB फैंस को जश्न का मौका दिया।

ऑरेंज कैप भी गया सूर्यवंशी के नाम

IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। उनके बाद गुजरात के शुभमन गिल (732 रन) और साई सुदर्शन (722 रन) रहे।

लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर RCB ने बदली इतिहास की किताब

एक समय IPL की सबसे बदकिस्मत टीम कही जाने वाली RCB अब लगातार दो बार चैंपियन बन चुकी है। फाइनल में टीम का प्रदर्शन यह दिखाता है कि क्यों उन्हें इस सीजन की सबसे संतुलित टीम माना जा रहा था। विराट कोहली का बल्ला, गेंदबाजों का अनुशासन और कप्तान रजत पाटीदार की रणनीति—इन्हीं तीन चीजों ने RCB को फिर से IPL का बादशाह बना दिया।