प्रिंस खान गैंग के लिए शेखपुरा से विदेशी हथियार लेकर आया सप्लायर धनबाद में गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम

धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान गिरोह के लिए हथियार लेकर आए संजीव पासवान को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। आरोपी के पास से विदेशी ऑटो पिस्टल, छह गोलियां और नकदी बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि रेलवे ठेकेदारों को धमकाने और रंगदारी वसूलने की तैयारी चल रही थी।

प्रिंस खान गैंग के लिए शेखपुरा से विदेशी हथियार लेकर आया सप्लायर धनबाद में गिरफ्तार, बड़ी साजिश नाकाम
रेलवे ठेकेदारों को दहशत में डालने की तैयारी थी।

     HighLights:

  • प्रिंस खान गिरोह के लिए हथियार सप्लाई करने वाला संजीव पासवान गिरफ्तार।
  • भूईंफोड़ स्थित सोनारा होटल से विदेशी ऑटोमेटिक पिस्टल, छह गोलियां और 41 हजार रुपये बरामद।
  • रेलवे ठेकेदारों को डराने और फायरिंग की साजिश को पुलिस ने किया विफल।
  • शेखपुरा से ताबेज खान ने भेजे थे हथियार, पूछताछ में बड़ा खुलासा।
  • प्रिंस खान गिरोह के दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिलने के बाद पुलिस सतर्क।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): भगोड़े गैंगस्टर Prince Khan और उसके सहयोगियों की रेलवे ठेकेदारों को डराने, धमकाने और फायरिंग कर रंगदारी वसूलने की साजिश को धनबाद पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के लिए हथियार लेकर पहुंचे हथियार सप्लायर Sanjeev Paswan उर्फ संजीव कुमार, मोनू कुमार, मोनू पासवान और राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें: झारखंड: हिमांशु सिंह हत्याकांड पर CM हेमंत का बड़ा एक्शन: जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP हटाए गए

पुलिस ने आरोपी को धनबाद के भूईंफोड़ स्थित Sonara Hotel के कमरा नंबर 106 से दबोचा। उसके कब्जे से विदेशी ऑटोमेटिक पिस्टल, छह जिंदा गोलियां, 41 हजार रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और विभिन्न नामों से बने पहचान पत्र बरामद किए गए हैं।

विदेशी पिस्टल और गोलियों के साथ दबोचा गया आरोपी

पुलिस के अनुसार बरामद हथियार पर "स्पेशल ऑटो पिस्टल यूएसए" लिखा हुआ है। इसके अलावा छह जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। नकदी में 500 रुपये के 81 नोट, 200 रुपये के दो नोट और 100 रुपये का एक नोट शामिल है।आरोपी के पास से वोटर कार्ड, पैन कार्ड, श्रम कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिले, जिन पर अलग-अलग नाम दर्ज थे। पूछताछ में संजीव पासवान ने पुलिस को बताया कि आठवीं कक्षा के बाद उसने अपना नाम बदल लिया था और बरामद सभी दस्तावेज उसी के हैं।

गुप्त सूचना पर होटल में हुई छापेमारी

सरायढेला थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हथियारों के साथ भूईंफोड़ के सोनारा होटल में ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर 28 जून की रात पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की और आरोपी को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को उसके बैग से पूरा सामान बरामद हुआ।

शेखपुरा से ताबेज खान ने भेजे थे हथियार

पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि बिहार के Sheikhpura जिले के बाजीदपुर निवासी Tabrez Khan ने यह हथियार निरसा के मुग्मा निवासी Rizwan Siddiqui तक पहुंचाने के लिए उसे दिए थे। हथियार पहुंचाने के एवज में ताबेज खान ने उसे 46 हजार रुपये भी दिए थे। आरोपी ने पुलिस को बताया कि रेलवे ठेकेदारों को डराकर और उनसे रंगदारी वसूलकर जो रकम मिलती, उसमें से उसे भी हिस्सा मिलने वाला था।

रेलवे ठेकेदारों को डराने की थी तैयारी

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह रेलवे टेंडर और ठेके से जुड़े कारोबारियों को निशाना बनाने की तैयारी में था। इसके लिए ठेकेदारों को धमकाने और जरूरत पड़ने पर फायरिंग करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हाल के दिनों में गिरोह ने अपने पुराने नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश तेज कर दी थी।

फिर से संगठित हो रहा है प्रिंस खान गैंग

हाल ही में चिरकुंडा से हथियारों के साथ रिजवान सिद्दीकी की गिरफ्तारी और अब संजीव पासवान की गिरफ्तारी के बाद यह संकेत मिले हैं कि भगोड़ा गैंगस्टर प्रिंस खान अपने कमजोर पड़ चुके नेटवर्क को फिर से मजबूत करने में जुटा है।पूछताछ में यह भी पता चला है कि ताबेज खान और रिजवान सिद्दीकी के बीच लगातार फोन पर बातचीत होती थी और हथियार जुटाने को लेकर योजनाएं बनाई जा रही थीं।

सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में पुलिस ने प्रिंस खान, गोपी खान, ताबेज खान, संजीव पासवान, अफजल, अमन और कुबेर समेत कुल सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में छापेमारी कर रही है।धनबाद पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो रेलवे ठेकेदारों के खिलाफ बड़ी वारदात को अंजाम दिया जा सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।