उत्तर प्रदेश: कानपुर रोड रेज कांड: बाइक टकराई, फिर बीच सड़क बिछ गईं लाशें… बाप-बेटे की चाकुओं से हत्या
कानपुर के यशोदा नगर बाईपास पर रोड रेज की सनसनीखेज घटना में बाइक टकराने के बाद तीन युवकों ने पिता-पुत्र पर चाकुओं से हमला कर दिया। हमले में पिता शिवनारायण तिवारी और बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
- हेलमेट से पीटा, फिर चाकू से उतारा मौत के घाट
- बाइक टकराने पर युवकों का खूनी तांडव
- पिता और बेटे की हत्या, दूसरा बेटा गंभीर
कानपुर (Threesocieties.com Desk): उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित यशोदा नगर बाईपास रविवार रात अचानक खूनी रणभूमि में बदल गया, जब बाइक टकराने के मामूली विवाद ने देखते ही देखते डबल मर्डर का रूप ले लिया। रोड रेज की इस सनसनीखेज घटना में पिता और बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें: झारखंड : दो डीएसपी का ट्रांसफर ऑर्डर बदला, साइबर क्राइम कंट्रोल पर सरकार का फोकस

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बीच सड़क हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था और पुलिस की सक्रियता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हेलमेट से हमला, फिर निकला चाकू
जानकारी के अनुसार, सनिगवां-सजारी निवासी 57 वर्षीय शिवनारायण तिवारी किदवई नगर स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। उनके साथ उनके दोनों बेटे शिवम और सत्यम भी उसी दुकान में नौकरी करते थे। रविवार रात करीब नौ बजे तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक यशोदा नगर बाईपास स्थित वृंदावन गेस्ट हाउस के सामने पहुंची, वहां शराब ठेके के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
बताया जा रहा है कि दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया। आरोपियों ने पहले हेलमेट से पिता और दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही सेकंड बाद एक आरोपी ने कमर से चाकू निकाला और शिवनारायण, शिवम और सत्यम पर हमला कर दिया।
सीने, पेट और चेहरे पर किए वार
हमले में शिवनारायण तिवारी और उनके बेटे शिवम को सीने, पेट और चेहरे पर कई चाकू लगे। दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वहीं सत्यम की पीठ, हाथ और पेट में चाकू मारे गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग दौड़े और एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि दो अन्य आरोपी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में पिता-पुत्र को मृत घोषित किया गया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को पहले पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें एलएलआर (हैलट) अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण तिवारी और उनके 25 वर्षीय बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। घायल सत्यम का इलाज जारी है।
एक आरोपी हिरासत में, दो की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी शिवा वर्मा कानपुर देहात के अकबरपुर का रहने वाला है और गिग वर्कर बताया जा रहा है। वहीं फरार आरोपियों की पहचान नौबस्ता निवासी करन वर्मा और उत्सव अवस्थी के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस को घटनास्थल से तीन बाइकें मिली हैं, जिनमें एक मृतक पक्ष की और दो आरोपियों की बताई जा रही हैं।
पुलिस चौकी से महज 200 मीटर दूर हुई वारदात
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरी वारदात नौबस्ता थाना क्षेत्र की विराटनगर पुलिस चौकी से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। लोगों का कहना है कि काफी देर तक सड़क पर हंगामा और चीख-पुकार होती रही, लेकिन पुलिस मौके पर समय रहते नहीं पहुंची।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस सक्रिय रहती तो शायद दो जानें बच सकती थीं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना का करीब 38 सेकंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर आरोपी हेलमेट और चाकू से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, Threesocieties.com वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पुलिस का दावा- रंजिश नहीं, रोड रेज का मामला
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला रोड रेज का ही प्रतीत हो रहा है। अभी तक किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। कानपुर की यह घटना एक बार फिर बता रही है कि मामूली विवाद किस तरह पलभर में खूनी वारदात में बदल सकता है। सड़क पर बढ़ता गुस्सा और हिंसक मानसिकता अब समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है।






