धनबाद में रंगदारी विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई पर बोतल से हमला; सिर में लगे 20 टांके

धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में कथित रंगदारी विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेनदर राय और राजेंद्र यादव पर बीयर बोतल से हमला किया गया, जिसमें जमेनदर राय के सिर में 20 टांके लगे। घटना के बाद इलाके में तनाव है और पुलिस जांच कर रही है।

धनबाद में रंगदारी विवाद ने लिया हिंसक रूप, भाजपा जिलाध्यक्ष के भाई पर बोतल से हमला; सिर में लगे 20 टांके
जोड़ापोखर के जामाडोबा में कथित रंगदारी विवाद के दौरान हिंसक झड़प।

धनबाद (Threesocieties.com Desk): कोयलांचल के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र स्थित जामाडोबा चार नंबर पुल के समीप शुक्रवार की शाम कथित रंगदारी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय के भाई जमेनदर राय और उनके सहयोगी राजेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे जमेनदर राय पर बीयर की बोतल से जानलेवा हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और चिकित्सकों को करीब 20 टांके लगाने पड़े।

यह भी पढ़ें:धनबाद में सड़क सुरक्षा पर बड़ा अभियान: NH को एक्सिडेंट फ्री बनाने के लिए हाईवे टास्क फोर्स, 11 पेट्रोल पंपों को नोटिस

ट्रैक्टर चालकों से शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ युवक सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो ट्रैक्टर चालकों को रोककर उनसे कथित रूप से रंगदारी की मांग की गई। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसी समय अपने व्यवसायिक कार्य से लौट रहे जमेनदर राय और राजेंद्र यादव ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन मामला सुलझने के बजाय और उग्र हो गया।

बीयर बोतल से किया हमला

आरोप है कि विवाद कर रहे युवकों ने ट्रैक्टर चालकों को छोड़ जमेनदर राय को निशाना बनाया। इस दौरान एक युवक ने बीयर की बोतल से उनके सिर पर वार कर दिया। बोतल टूटने के बाद उसके नुकीले हिस्से से शरीर के अन्य हिस्सों पर भी हमला किया गया।हमले में जमेनदर राय गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें बचाने पहुंचे राजेंद्र यादव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे भी घायल हो गए।

एक आरोपी को पकड़कर लोगों ने पीटा

घटना की सूचना मिलते ही जमेनदर राय के परिजन, समर्थक और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को आता देख हमलावर भागने लगे। इसी दौरान सन्नी यादव नामक एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को भीड़ से बचाकर इलाज के लिए चासनाला अस्पताल भेजा।

निजी नर्सिंग होम में चल रहा इलाज

घायल जमेनदर राय और राजेंद्र यादव को झरिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार जमेनदर राय के सिर पर गहरी चोट आई है और उन्हें करीब 20 टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

50 हजार रुपये छिनतई का आरोप

घटना के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने आरोप लगाया कि असामाजिक तत्वों ने उनके भाई पर जानलेवा हमला किया और करीब 50 हजार रुपये की छिनतई भी की। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। श्रवण राय ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो भाजपा क्षेत्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी।

राजनीतिक एंगल की भी चर्चा

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि हमलावर युवकों का संबंध आजसू और भाजपा के एक स्थानीय नेता के समर्थकों से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच में जुटी

दोनों पक्षों ने जोड़ापोखर थाना में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धनबाद में हुई इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और बढ़ती रंगदारी की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भी आरोपियों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।