- बीजेपी कैंडिडेट के सुवेंदु अधिकारी के साथ होगा मुकाबला
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के सीएम व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को नंदीग्राम से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। इस सीट पर ममता का मुकाबला हाल में टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल होने वाले सुवेंदु अधिकारी के साथ होगा।
ममता ने दोपहर लगभग 1:40 बजे हल्दिया में एसडीओ ऑफिस में नंदीग्राम सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। ममता कोलकाता के परंपरागत भवानीपुर सीट छोड़कर इस बार नंदीग्राम सीट से चुनाव लड़ने जा रही है। ममता ने साल 2007-08 में बहुचर्चित नंदीग्राम आंदोलन का नेतृत्व किया था। इस आंदोलन ने वर्ष 2011 में बंगाल से 34 साल लंबे वामपंथी शासन का अंत करने में अहम भूमिका निभाई थी। इधर, कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम सीट से टीएमसी एमएलए थे। लेकिन तृणमूल छोड़कर वह बीजेपी में शामिल हो गये हैं। अब इस सीट पर ममता व सुवेंदु के बीच बहुत ही रोचक मुकाबला है। नंदीग्राम सीट पर सेकेंड फेज में एक अप्रैल को वोटिंग होगा। नामांकन दाखिल करने से पहले ममता ने नंदीग्राम के शिव मंदिर में पूजा की।

ममता नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए एक दिन पहले मंगलवार को ही नंदीग्राम पहुंच गईं। नंदीग्राम में ममता ने 10,000 से ज्यादा तृणमूल के बूथ कार्यकर्ताओं को मंगलवार को संबोधित किया। इस दौरान ममता ने जमकर हिंदुत्व कार्ड खेला। बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि मैं भी हिंदू हूं। कोई मुझे हिंदुत्व के बारे में नहीं सिखाए। ममता शाम में नंदीग्राम में दो मंदिरों में भी गईं। इसके बाद ममता वहां एक मजार में भी गई और वहां चादर चढ़ाई। इसके बाद ममता नंदीग्राम में एक चाय दुकान पर रुकीं और वहां खुद से चाय बनाकर लोगों को पिलाईं। साथ ही खुद भी चाय पीं।