बिहार: बेतिया में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बस, 6 की मौत; दर्जनों घायल

बिहार के पश्चिम चंपारण के लौरिया में NH-727 पर भीषण हादसा हुआ। छठिहार में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को तेज रफ्तार बस ने कुचल दिया। हादसे में 6 की मौत और करीब एक दर्जन घायल हैं।

बिहार: बेतिया में दर्दनाक सड़क हादसा: ऑर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी बस, 6 की मौत; दर्जनों घायल
NH-727 पर तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदा।

Advertisement

    HighLights:

  • पश्चिम चंपारण के लौरिया में छठिहार की खुशियां मातम में बदलीं
  • NH-727 पर बसवरिया और पराउटोला के बीच शुक्रवार रात करीब 11 बजे हुआ दर्दनाक हादसा
  • छठिहार समारोह के दौरान सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने कुचला
  • हादसे में 6 लोगों की मौत और करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना

बेतिया (Threesocieties.com Desk): बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बसवरिया-पराउटोला पंचायत के बनकटवा मध्य विद्यालय के पास NH-727 पर तेज रफ्तार बस सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना है, जबकि करीब एक दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों को बस ने रौंदा

बताया जा रहा है कि बनकटवा में शत्रुघ्न दुबे के बड़े पुत्र देवेंद्र दुबे के बेटे के छठियार कार्यक्रम का आयोजन था। घर NH-727 के किनारे स्थित होने के कारण समारोह के दौरान सड़क किनारे ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। आसपास के ग्रामीण और समारोह में शामिल लोग सड़क के किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान गोरखपुर से बेतिया की ओर जा रही शाही ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित हो गई और सीधे लोगों की भीड़ में जा घुसी। बस की चपेट में कई लोग आ गए। देखते ही देखते समारोह स्थल पर चीख-पुकार मच गई।

छह लोगों की मौत, कई घायल

हादसे में छह लोगों की मौत की सूचना सामने आई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार मृतकों में छांगुर राम (70), बहादुर महतो (45), संजय कुमार (28), राकेश कुमार दूबे (35) और देवेंद्र दूबे (35) शामिल हैं। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जानकारी का इंतजार है।

बताया गया कि दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों में श्याम बाबू कुमार (16), अजीत कुमार (18), मोचन महतो (50) और नरेश राम (40) समेत अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने की बात कही जा रही है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय NH-727 पर वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से आ रही बस तेज रफ्तार में बेतिया की तरफ जा रही थी। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। बताया गया कि सड़क पर दूसरी ओर गैस सिलेंडर लदा ट्रक भी गुजर रहा था। इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे के बाद मची अफरातफरी

बस की टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। कार्यक्रम में मौजूद लोग घायलों को बचाने के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

परिवारों में मचा कोहराम

एक तरफ जिस घर में छठिहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं हादसे के बाद पूरा इलाका मातम में बदल गया। मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है। घटना के बाद ग्रामीणों में भी आक्रोश का माहौल है। NH-727 पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क किनारे होने वाले आयोजनों और तेज रफ्तार वाहनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।